दानापुर। बिहार प्रशासनिक महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने दानापुर की अवर निबंधक कुमारी स्वीटी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा की गई छापेमारी और गंभीर आरोपों के लगभग एक महीने बाद विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है।

​दंपत्ति पर अवैध संपत्ति का आरोप

​निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, निलंबित अवर निबंधक कुमारी स्वीटी और उनके पति रविन्द्र कुमार दिवाकर पर कुल 1 करोड़ 6 लाख 85 हजार 900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। उनके पति रविन्द्र कुमार दिवाकर वर्तमान में पटना में अपर समाहर्ता (आपूर्ति) के पद पर तैनात हैं। ब्यूरो ने इस हाई-प्रोफाइल जोड़े के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी शिकंजा कसा है।

​70 लाख नकद और भारी मात्रा में जेवरात बरामद

​विदित हो कि निगरानी ब्यूरो ने कुछ समय पूर्व अफसर दंपती के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान उनके ठिकानों से लगभग 70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। इसके अलावा, तलाशी के दौरान महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के गहने और दानापुर क्षेत्र में दो शानदार फ्लैट होने की पुख्ता जानकारी भी सामने आई थी। ब्यूरो ने इस मामले में 25 सितंबर को निगरानी थाना कांड संख्या 113/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।

​स्पष्टीकरण का जवाब न देना पड़ा भारी

​विभागीय अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि कुमारी स्वीटी का यह आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम-3 के बिल्कुल विपरीत है। विभाग द्वारा उन्हें 5 और 6 अक्टूबर को पत्र जारी कर इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने तय समयसीमा में अपना जवाब नहीं दिया। नियमानुसार जवाब न मिलने के बाद, ‘बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005’ के प्रावधानों के तहत उन्हें निलंबित करने का कड़ा निर्णय लिया गया।

​फतुहा निबंधक को मिला अतिरिक्त प्रभार

​निलंबन की इस अवधि के दौरान कुमारी स्वीटी का आधिकारिक मुख्यालय विकास भवन, पटना स्थित विभागीय कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन काल में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं, इस प्रशासनिक रिक्ति को भरते हुए फतुहा के अवर निबंधक पप्पू कुमार को अगले आदेश तक दानापुर अवर निबंधक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, ताकि प्रशासनिक कार्यप्रणाली प्रभावित न हो।