लखनऊ. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. अब कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद दानिश अली ने इस मुद्दे पर बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी है. उन्होंने खड़गे की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतंत्र पर डाका डालने वालों को जेल जाना पड़ेगा. दानिश ने कहा कि वह इस मामले में खड़गे से भी एक कदम आगे बोल रहे हैं. उनके बयान पर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में दिनदहाड़े गोलीबारी, चबूतरा विवाद में ट्रिपल मर्डर, रिटायर्ड कर्मचारी, बेटे और भाई की गोली मारकर हत्या

दानिश अली बोले- वोट चोरी करने वाले जेल जाएंगे

दानिश अली ने कहा कि खड़गे के बयान को पूरे संदर्भ में समझने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने वोट चोरी करके देश के लोकतंत्र पर हमला किया है. दानिश अली ने कहा कि संविधान को कमजोर करने और लोकतंत्र पर डाका डालने वालों को जेल भेजा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि ‘नाजायज औलादों’ को भी जेल जाना होगा.

पटना में खड़गे ने क्या कहा था?

रविवार को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने कहा कि विद्रोह के बिना मोदी सरकार नहीं हटेगी. इस पर खड़गे ने कहा था, ‘मोदी का बाप भी जाएगा.’ यह बयान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर चर्चा के दौरान आया था.

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी अमित शाह मानहानि केस में बरी, सुल्तानपुर कोर्ट के फैसले पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न

बीजेपी ने खड़गे के बयान की निंदा की

खड़गे की टिप्पणी पर भाजपा और एनडीए के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसे अमर्यादित और असंसदीय भाषा बताया. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक सीमा होती है. भाजपा ने सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की आलोचना की और इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया.