दरभंगा। जिले के बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) आनंद कुमार विभूति के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की है। मंगलवार सुबह पटना से आई ईओयू की विशेष टीम ने दरभंगा और मुजफ्फरपुर समेत कुल 5 ठिकानों पर एक साथ यह कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बीडीओ के पास उनकी आय से करीब 1.30 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
दरभंगा और मुजफ्फरपुर में एक साथ ताबड़तोड़ दबिश
बिहार के दरभंगा में बहादुरपुर के बीडीओ आनंद कुमार विभूति के सैदनगर मोहल्ला स्थित जनकपुरी आवास पर ईओयू की टीम सुबह-सुबह अचानक पहुंच गई। छापेमारी के वक्त बीडीओ खुद अपने आवास पर मौजूद नहीं थे, लेकिन टीम ने घर के अंदर रखे दस्तावेजों, वित्तीय कागजातों और अन्य सामानों की बारीकी से जांच शुरू कर दी। इस अप्रत्याशित कार्रवाई से आसपास के इलाके में भी काफी गहमागहमी बढ़ गई है।
दूसरी ओर, मुजफ्फरपुर जिले में भी ईओयू की टीम ने अहियापुर थाना क्षेत्र के आदर्श ग्राम गली नंबर-1 स्थित उनके किराए के मकान पर दबिश दी। स्थानीय थाने की पुलिस के साथ पहुंची टीम को वहां मुख्य दरवाजे पर ताला लटका मिला। शुरुआती छानबीन में यह बात सामने आई है कि घर में रहने वाले लोग ईओयू के पहुंचने से ठीक एक दिन पहले ही वहां से जा चुके थे। टीम मकान की चाबी की व्यवस्था करने में जुटी हुई है और बीडीओ की पत्नी के भी जल्द मौके पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
भ्रष्टाचार के पुराने मामले से जुड़े हैं तार और दो महीने पहले हुआ था ट्रांसफर
जांच एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, आनंद कुमार विभूति के खिलाफ दरभंगा में पोस्टिंग होने से पहले ही निगरानी विभाग से जुड़ा एक भ्रष्टाचार का मामला दर्ज हो चुका है। वर्तमान कार्रवाई इसी मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की गहराई से पड़ताल करने के लिए की जा रही है।
मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के रहने वाले आनंद कुमार विभूति करीब दो महीने पहले ही मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड से ट्रांसफर होकर दरभंगा आए थे। वर्तमान में वे अपनी पत्नी और तीन बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) के साथ दरभंगा में रह रहे हैं। फिलहाल ईओयू की टीम सभी पांचों ठिकानों पर दस्तावेजों को खंगालने में जुटी हुई है और तलाशी पूरी होने के बाद ही बरामदगी को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।



