Darbhanga Graduate Constituency Result: बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक सीट पर मतगणना का पेच सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। मुकाबला इतना करीबी और दिलचस्प हो गया है कि आज (29, अक्टूबर) तीसरे दिन भी वोटों की गिनती जारी है। लहेरियासराय स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला परिसर में मतगणना चल रही है। इस बीच नतीजों को लेकर राजद और भाजपा समर्थकों द्वारा कई बार हंगामा भी किया, जिसे लेकर मतगणना केंद्र के बाहर माहौल गरमा गया।
जीत के लिए 31,911 वोट जरूरी
दरभंगा स्नातक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को 31,911 वोट हासिल करने होंगे। लेकिन अब तक कोई भी प्रत्याशी इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है। फिलहाल बीजेपी के सर्वेश कुमार मतगणना में सबसे आगे चल रहे हैं, जबकि राजद के अनिल कुमार झा दूसरे और जन सुराज पार्टी के इम्तेयाज नूरानी तीसरे स्थान पर हैं।
निर्धारित कोटा पूरा नहीं होने के कारण मतगणना आगे बढ़ाई जा रही है। इस चुनाव में वरीयता क्रम के आधार पर वोटों की गिनती होती है। ऐसे में कम वोट पाने वाले उम्मीदवारों को एक-एक कर बाहर किया जाता है और उनके मतपत्रों पर दर्ज अगली वरीयता के आधार पर वोट शेष उम्मीदवारों के खाते में जोड़े जाते हैं।
32 उम्मीदवार बाहर, अब 8 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
मतगणना के दौरान सबसे कम वोट पाने वाले 32 उम्मीदवारों को बाहर किया जा चुका है। ऐसे में अब मैदान में आठ प्रत्याशी बचे हैं। इनमें चार दलीय समर्थित उम्मीदवार और चार निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि वरीयता क्रम के वोटों की गिनती के बाद कौन उम्मीदवार जीत के जरूरी आंकड़े तक पहुंचता है। फिलहाल बीजेपी, राजद और जन सुराज के प्रत्याशियों के बीच मुकाबले पर सबसे ज्यादा नजर है। सर्वेश कुमार की बढ़त के बावजूद अंतिम नतीजे के लिए अभी इंतजार करना पड़ रहा है।
मतगणना में देरी पर तेजस्वी ने उठाए सवाल
दरभंगा स्नातक सीट पर हो रही मतगणना में देरी पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, दरभंगा स्नातक की 27 अक्टूबर से मतगणना हो रही है, आज 29 अक्टूबर खत्म होने को है। 10 प्रतिशत मत अवैध घोषित करने के बावजूद RJD दरभंगा स्नातक से जीत रही है, लेकिन चुनाव आयोग मतगणना में जबरन BJP की जीत खोज रहा है, परंतु हम ऐसा होने नहीं देंगे। राजद कार्यकर्ता मजबूती से काउंटिंग सेंटर पर है। उन्होंने कहा कि, बीते 56 घंटे से चुनाव आयोग बेईमानी की कोशिश कर रहा है लेकिन ऐसा हरगिज़ नहीं होने दिया जाएगा। लोकतंत्र बचाने के लिए जनता अब आर-पार करने के मूड में है।
ये भी पढ़ें- 24 नवंबर को JDU मनाएगी ‘सुशासन दिवस’, 5 नवंबर को MLC चुनाव में मिली हार की होगी समीक्षा

