कुंदन कुमार/दरभंगा/पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह दरभंगा जिले के केवटी ब्लॉक के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंद्र मोहन पासवान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोपों की जांच के लिए EOU की विशेष टीम ने सुबह 7 बजे से एक साथ 6 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
एक साथ 6 ठिकानों पर दबिश
EOU की टीम ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दायरे में बीडीओ के सरकारी और निजी ठिकाने शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से केवटी प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ का कार्यालय और उनका सरकारी आवास शामिल है। इसके अलावा, टीम ने मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित उनके पैतृक आवास, सीतामढ़ी में एक ठिकाना और दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित उनके निजी आवास को भी खंगाला है। सुबह से ही विभिन्न जिलों में चली इस कार्रवाई ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।
बैंक खातों और संपत्तियों की गहन जांच
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ मिली शिकायतों और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। छापेमारी के दौरान EOU के अधिकारी बीडीओ के नाम पर दर्ज बैंक खातों, जमीन के कागजात, वित्तीय निवेश और कीमती आभूषणों का विवरण जुटा रहे हैं। टीम द्वारा विभिन्न संपत्तियों के दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से कई स्थानों पर स्थानीय पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
जांच पूरी होने का इंतजार
अभी तक आधिकारिक तौर पर बरामदगी या कुल संपत्ति के सटीक मूल्य का खुलासा नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय स्तर पर भी छापेमारी की खबर फैलते ही बीडीओ कार्यालय परिसर के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक जांच की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद EOU की ओर से एक विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी जिसमें पूरी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक किया जा सकता है। फिलहाल टीम मौके पर मौजूद है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

