दरभंगा। बिहार विधान परिषद (MLC) के दरभंगा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणाम चर्चा का विषय बने हुए हैं। मतगणना के विभिन्न चरणों में आए आंकड़ों के अनुसार राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधी टक्कर है, वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उलटफेर देखने को मिला है।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र:
सातवें राउंड तक भाजपा के सर्वेश कुमार की मजबूत बढ़त
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चल रही मतगणना में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। सातवें राउंड की काउंटिंग समाप्त होने के बाद सर्वेश कुमार को कुल 11,910 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी और राजद समर्थित प्रत्याशी अनिल कुमार झा को 10,491 वोट मिले हैं। इस तरह सर्वेश कुमार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 1,419 मतों से आगे चल रहे हैं।
अन्य उम्मीदवारों की बात करें तो जन सुराज के प्रत्याशी मोहम्मद इम्तियाज को 6,920 मत मिले हैं। इसके अलावा निर्दलीय छात्र नेता दिलीप कुमार को 4,237 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी रजनीकांत पाठक को 3,185 मत प्राप्त हुए हैं। इससे पहले छठे राउंड में सर्वेश कुमार को 10,476 और अनिल कुमार झा को 9,005 वोट मिले थे। शुरुआती दौर यानी पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी ने जो बढ़त बनानी शुरू की थी, वह सातवें राउंड तक लगातार कायम है।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र:
जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय ने दर्ज की बड़ी जीत
दूसरी ओर, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम सामने आ चुके हैं, जिसमें बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। इस सीट पर जनसुराज के प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय ने शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा को 1,111 मतों के अंतर से शिकस्त दी है।
मूल रूप से बेगूसराय के रहने वाले सुरेश प्रसाद राय की इस जीत के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। मंगलवार देर रात करीब दो बजे निर्वाचन पदाधिकारी ने उन्हें आधिकारिक रूप से जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र मिलने के बाद सैकड़ों समर्थकों ने मतगणना केंद्र के बाहर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए गए और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया गया।

