कुंदन कुमार, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राजधानी पटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया। यह यात्रा पटना के ऐतिहासिक कारगिल चौक से पैदल प्रारंभ होकर जेपी गोलंबर तक पहुंची, जहां उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
विपक्ष फैला रहा है देश में अराजकता
पदयात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर कड़ा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष के लोग देश में भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं। एनडीए सरकार पर वोट चोरी का अनर्गल आरोप लगाने वाले विपक्ष को उनके पुराने इतिहास की याद दिलाते हुए उन्होंने अपने पिता के चुनाव का एक संस्मरण साझा किया।
पुराने चुनाव का दिया हवाला
सम्राट चौधरी ने कहा, मुझे अच्छी तरह याद है कि एक चुनाव में मेरे पिता जी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे और उन्हें 80 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 40 हजार वोट प्राप्त हुए थे। इसके बावजूद तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों (डीएम और एसडीओ) ने दबाव में आकर 40 हजार वोट पाने वाले कांग्रेस उम्मीदवार को विजयी घोषित कर दिया। जब अधिकारियों से पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे केवल नाम के प्रमुख हैं, सत्ता का वास्तविक केंद्र कहीं और है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकार वास्तव में सोनिया गांधी चला रही थीं, जो प्रधानमंत्री के कक्ष में बैठती थीं, जबकि तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वयं मंत्रियों वाले स्थान पर बैठते थे।


राहुल गांधी और विपक्षी रवैये पर साधा निशाना
सम्राट चौधरी ने 2009 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय संसद द्वारा पारित एक अध्यादेश को राहुल गांधी ने सरेआम फाड़ दिया था और यह संदेश दिया था कि पार्टी वही करेगी जो वे कहेंगे। उन्होंने कहा कि आज वही लोग लोकतंत्र की हत्या का झूठा आरोप लगाकर देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घसीटने का प्रयास कर रहे हैं।
जनता नहीं करेगी लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वालों को माफ
उन्होंने स्पष्ट किया कि देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे मजबूत नेताओं के हाथों में सुरक्षित है। जो लोग गुंडागर्दी और अराजकता के बल पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
राहुल-तेजस्वी पर करारा प्रहार
बिहार में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के तहत नाम काटे जाने के विपक्षी दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की हालिया यात्राओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता ऐसा एक भी योग्य मतदाता ढूंढकर नहीं ला सका जिसका नाम गलत तरीके से काटा गया हो। राहुल गांधी और लालू प्रसाद के सुपुत्र (तेजस्वी यादव) ने राघोपुर के कुछ लोगों के नाम कटने का झूठा दावा किया, उन्हें दिल्ली ले जाकर भोजन कराया और सुप्रीम कोर्ट तक घसीटा। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग ने दूध का दूध और पानी का पानी करते हुए स्पष्ट कर दिया कि उन लोगों का नाम राघोपुर के किस बूथ की वोटर लिस्ट में पहले से ही दर्ज है।

