वीरेंद्र कुमार/दरभंगा। जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता के चलते एक पेंटर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अंतर्गत महादेव इंटरप्राइजेज के गोदाम से पुलिस ने 35 वर्षीय पेंटर बबलू यादव का शव बरामद किया है। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी दुकान का संचालक चंदन कुमार बताया जा रहा है, जिसने पुलिसिया पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

​पुरानी वफादारी और नई दुकान बनी मौत की वजह

​मृतक बबलू यादव पिछले कई वर्षों से चंदन कुमार की पेंट की दुकान ‘महादेव इंटरप्राइजेज’ में बतौर कर्मचारी काम करते थे। कुछ समय पूर्व बबलू ने अपनी राहें अलग कर लीं और रानीपुर दुर्गा मंदिर के पास स्वयं की पेंट की दुकान खोल ली। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चंदन कुमार इस बात से खासा नाराज था कि उसका पुराना कर्मचारी अब उसका प्रतिस्पर्धी बन गया है। आरोप है कि चंदन लगातार बबलू को उपहार देने के बहाने अपनी दुकान पर बुला रहा था।

​शादी का कार्ड देने निकले थे बबलू, घर लौटी मौत की खबर

​मंगलवार को बबलू यादव अपने बेटे की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने के लिए घर से निकले थे। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। खोजबीन के दौरान बबलू की साइकिल महादेव इंटरप्राइजेज के बाहर खड़ी मिली। परिजनों ने जब दुकान मालिक चंदन के पिता महादेव यादव से पूछताछ की, तो शुरू में टालमटोल किया गया। लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे चंदन टूट गया और उसने स्वीकार किया कि उसने गला दबाकर बबलू की हत्या कर दी है।

​पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच

​घटना की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय थाना, कोतवाली, सदर और लहेरियासराय की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित परिजनों को शांत कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि आरोपी ने अपनी मानसिक स्थिति ठीक न होने का बहाना बनाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।