दरभंगा। जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने घरेलू विवाद में क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। यहां एक पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले शख्स ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की लाठी तथा लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया।

​बंद कमरे में खूनी खेल, रॉड से किया हमला

​घटना पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी संदीप दास यहां एक पोल्ट्री फार्म में मजदूरी करता था और अपने परिवार के साथ वहीं रहता था। मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर संदीप का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संदीप ने आपा खो दिया और घर में रखे डंडे व लोहे की रॉड से पत्नी और बच्चों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके।

​मौके पर ही तीन की मौत, अस्पताल में तोड़ा दम

​संदीप के इस हिंसक हमले में उसकी पत्नी और दो बच्चों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी था, जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान फूल कुमारी दास (30 वर्ष), बेटा हृदय दास (7 वर्ष), सोन दास (5 वर्ष) और बेटी संध्या दास (6 वर्ष) के रूप में हुई है। यह पूरा परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दालकोला (कुंडी) का रहने वाला था।

​साले ने बयां किया आंखों देखा मंजर

​मृतका फूल कुमारी के भाई मांगो दास ने बताया कि वे सभी लोग पोल्ट्री फार्म के पास ही रहते हैं। मांगो ने ही संदीप को एक महीने पहले हरियाणा से काम के लिए यहां बुलाया था। उसने बताया, “जब मैं काम से वापस लौटा, तो देखा कि पूरा कमरा खून से सना हुआ था और सभी लथपथ पड़े थे। संदीप सनकी मिजाज का है। वारदात के बाद उसने खुद ही मुझे बताया कि उसने लोहे की पाइप से सबको मार डाला है।” अपनों को खोने के बाद खुदकुशी के इरादे से संदीप ने उसी पाइप से अपने सिर पर भी वार किया, जिससे वह घायल हो गया।

​पुलिस कस्टडी में आरोपी, FSL की टीम ने जुटाए सबूत

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सिटी एसपी अशोक चौधरी और एसडीपीओ सदर राजीव कुमार समेत तीन थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) भेज दिया है। साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस कस्टडी में घायल आरोपी संदीप का अस्पताल में इलाज चल रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।