Darbhanga Road Accident: बिहार के दरभंगा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की जान चली गई। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के दिल्ली मोड़ स्थित महादेव मंदिर के पास तेज रफ्तार 10 चक्का ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मो. अहमद अली के रूप में हुई है।
लोगों ने सड़क जाम कर जताया विरोध
मो. अहमद अली जाले हाईस्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के परिवार को मुआवजा देने और वरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
नो एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर उठाए सवाल
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने शहर में नो एंट्री के बावजूद भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में भारी वाहन कैसे प्रवेश कर रहे हैं? परिजनों ने पूरे मामले की जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तीन बेटों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मो. अहमद अली अपने पीछे तीन बेटों को छोड़ गए हैं। इनमें सबसे छोटा बेटा महज चार साल का है। शिक्षक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- मनेर एनकाउंटर के बाद अस्पताल में भारी बवाल, मौके पर पहुंचीं मीसा भारती, तीन थानों की पुलिस तैनात

