Bihar News: बिहार की राजधानी पटना के मनेर में आज शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। मुठभेड़ में मारे गए तीन अपराधियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए और शव देखने की मांग को लेकर पुलिस से भिड़ गए।

परिजनों ने की युवक की पिटाई

इस दौरान अस्पताल पहुंचे एक व्यक्ति पर मृतकों के परिजनों की नजर पड़ते ही माहौल और बिगड़ गया। परिजनों ने उस व्यक्ति पर पुलिस को मुखबिरी कर एनकाउंटर करवाने का आरोप लगाया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे भीड़ से बचाया। जिस युवक की पिटाई हुई, उसकी पहचान रिंकू माली के रूप में हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने से पहले, वह ही उन्हें उनके घर से अपने साथ ले गया था। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तीन थानों की पुलिस तैनात है।

अस्पताल पहुंची मीसा भारती

एनकाउंटर में मारे गए आरोपी के परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प होने की खबर मिलने के बाद राजद सांसद मीसा भारती दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने हालात का जायजा लिया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, हम परिवार और प्रशासन को समझा रहे हैं कि शव को छोड़ दें ताकि पोस्टमार्टम हो सके। मुझे नहीं पता कि उन पर क्या मामले थे, लेकिन बिहार में कानून-व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। एक नया ट्रेंड बिहार में चल पड़ा है कि एनकाउंटर कर दिया जाता है।

भाई वीरेंद्र ने भी एनकाउंटर पर उठाए सवाल

एनकाउंटर पर राजद नेता भाई वीरेंद्र का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, अगर एनकाउंटर तब होता है, जब अपराधी के तरफ से गोली चलाई जाती है और सही माने में वह अपराधी है, उस पर हमको कुछ नहीं कहना है। लेकिन आपसी रंजिश की वजह से किसी का नाम चला गया तो वह अपराधी नहीं हो सकता। अपराध पर कंट्रोल करना सरकार का काम है और अपराधी कौन है इसकी जांच भी सरकार को ही करनी है। अपराध के नाम पर सबका एनकाउंटर करना गलत बात है। सबको न्याय चाहिए।

पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के आरोपी थे तीनों

दरअसल आज शुक्रवार की सुबह मनेर में शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अपराधियों की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों अपराधी मनेर के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु की हत्या के आरोपी थे। वहीं, मुठभेड़ में मनेर थाना के SHO रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास की है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

ये भी पढ़ें- एटीएम बदलकर पांच राज्यों में ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार! अन्य मामलों और गिरोह के सदस्यों की तलाश जारी