रवि रायकवार, दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक 31 की भाजपा पार्षद के घर पर अचानक छापामार कार्रवाई की। पुलिस की इस अचानक हुई दबिश से इलाके में हड़कंप मच गया। जब पुलिस अधिकारियों ने घर के बाहर बनी बाथरूम की तलाशी ली, तो वहां अवैध रूप से छिपाकर रखी गई देशी और अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।

ये भी पढ़ें: 2 साल पुराना वो लिफाफा और 30 हजार रुपये! जानिए कैसे एक ब्लैंक चेक बना बुजुर्ग के काल की वजह?

50 हजार रुपये की 8 पेटी शराब जब्त, पार्षद का देवर और साथी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से 8 पेटी अवैध शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ही भाजपा पार्षद के देवर मुकेश साहू और उनके साथी दिनेश चतुर्वेदी को धर दबोचा और गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को देखते ही चकमा देकर भागा पार्षद का पति, 34 (2) का केस दर्ज

कार्रवाई के दौरान जैसे ही पुलिस की टीम ने घर को घेरा, भाजपा पार्षद का पति राकेश साहू पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्षद के फरार पति राकेश साहू, देवर मुकेश साहू और आरोपी दिनेश चतुर्वेदी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें: जीतू पटवारी की फिर बढ़ी मुश्किलें! यादव समाज ने लगाया भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप, ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग

सिविल लाइन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी की तलाश जारी

इस पूरी कार्रवाई को सिविल लाइन थाना प्रभारी वैभव गुप्ता, सब इंस्पेक्टर भास्कर शर्मा और प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र शाक्य की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जब्त शराब कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ खपाने की तैयारी थी, इसको लेकर गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार चल रहे पार्षद के पति राकेश साहू की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m