शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासत का पारा चढ़ गया है। इस बार चर्चा का केंद्र बिंदु भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कद्दावर नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बने हुए हैं। कभी सूबे के विधानसभा चुनावों में भाजपा की स्टार प्रचारक सूची में शीर्ष पर रहने वाले नरोत्तम मिश्रा को उनके ही गढ़ दतिया के उपचुनाव की सूची में 16वें स्थान पर रखा गया है। इस सूची के सामने आने के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच तीखी जुबानी जंग शुरू हो गई है।
नरोत्तम मिश्रा अब दया के पात्र : कांग्रेस
इस पूरे घटनाक्रम पर तंज कसते हुए पूर्व कांग्रेस विधायक शैलेन्द्र पलेट ने नरोत्तम मिश्रा की राजनीतिक स्थिति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा- नरोत्तम मिश्रा के बारे में मैं इसलिए कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं क्योंकि इस समय वह दया के पात्र हैं, और जब कोई दया के पात्र होता है तो उसके प्रति कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। यह वही ‘जॉइनिंग गैंग’ थी जो सरकारें गिराती थी, विधायकों की खरीद-फरोख्त करती थी,
टिकट दिलवाती थी और राजनीतिक नियुक्तियां कराती थी। लेकिन आज उन्हें खुद टिकट नहीं मिला। जो कभी दूसरों को सांसद और विधायक बनवाते थे, आज बीजेपी ने उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची में अंतिम पंक्ति यानी 16वें नंबर पर लाकर खड़ा कर दिया है। बीजेपी भले ही यह भूल गई हो, लेकिन नरोत्तम मिश्रा को यह याद रखना चाहिए कि यह स्टार प्रचारकों की सूची उन्हीं के गृह क्षेत्र दतिया की है।
दतिया उपचुनाव: ‘देश के 80% भू-भाग से कांग्रेस साफ, यहां भी मुंह की खाएगी’, मुख्यमंत्री
नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में लड़ रहे चुनाव
कांग्रेस के इस हमले पर भारतीय जनता पार्टी ने भी फौरन पलटवार किया। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा- कांग्रेस पार्टी जिसके अंदर केवल और केवल गुटबाजी भरी हुई है, जब वह देखती है कि भारतीय जनता पार्टी का पूरा नेतृत्व एकजुट होकर दतिया का चुनाव लड़ रहा है, तो कांग्रेस के नेताओं में घबराहट और बेचैनी साफ दिखाई देने लगती है। वे अनर्गल कोशिशें कर रहे हैं। नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में जिस तरह से विकास के ऐतिहासिक काम किए हैं, वे हमारी पार्टी के बेहद वरिष्ठ नेता हैं और उन्हीं के नेतृत्व में पार्टी पूरा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। दतिया में भारतीय जनता पार्टी की ही प्रचंड जीत होने वाली है।
दतिया की जंग हुई और दिलचस्प
गौरतलब है कि दतिया नरोत्तम मिश्रा का मुख्य राजनीतिक क्षेत्र रहा है। उपचुनाव में उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची में नीचे होने को कांग्रेस जहां उनके राजनीतिक कद के घटने से जोड़कर देख रही है, वहीं बीजेपी इसे सांगठनिक प्रक्रिया बताकर एकजुटता का दावा कर रही है। बयानों के इस दौर से साफ है कि दतिया का यह उपचुनाव बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है।
दतिया उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दिग्गजों की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन,

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

