शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सूबे में सियासी पारा गरमा गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया उपचुनाव और कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को लेकर एक बड़ा और तीखा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जोरदार तंज कसते हुए दावा किया है कि इस उपचुनाव में कांग्रेस को एक बार फिर करारी शिकस्त का सामना करना पड़ेगा।

विकास के नाम पर देश को पीछे धकेला

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस की राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्थिति पर प्रहार करते हुए कहा, “कहने को तो कांग्रेस देश में हर जगह मौजूद है, लेकिन हकीकत यह है कि हर जगह से उसका सफाया हो चुका है। देश के लगभग 80 प्रतिशत भू-भागों से जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा विकास के नाम पर देश को पीछे धकेलने का काम किया है और पार्टी आज खुद इस असमंजस में है कि उन्हें आगे बढ़ना है या पीछे जाना है।

दतिया उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दिग्गजों की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन,

विभाजन की राजनीति करती है कांग्रेस

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास की जगह कांग्रेस हमेशा हिंदू-मुस्लिम को आपस में बांटने और समाज में दरार पैदा करने की राजनीति करती आई है। इसी वजह से देश की जनता का भरोसा इस पार्टी से पूरी तरह उठ चुका है।

दतिया उपचुनाव: नामांकन से पहले मां पीतांबरा के दरबार पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम,

दतिया से बढ़ेगी विकास की रफ्तार

भारतीय जनता पार्टी की उपलब्धियां गिनाते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा, भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में भाजपा दो दशकों से भी अधिक समय से सरकार चलाकर विकास के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दतिया चुनाव परिणामों के बाद प्रदेश एक बार फिर विकास की तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता विकास के साथ है और कांग्रेस को इस चुनाव में एक बार फिर पराजय का मुंह देखना पड़ेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m