रवि रायकवार, दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया स्थित प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ के महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में अब व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। बरसों बाद मंदिर परिसर में तीन दान पेटियां रखवाई गई हैं। इनमें से एक दान पेटी शिवालय परिसर में बने हनुमान मंदिर में भी रखी गई है। इसके साथ ही मंदिर में सीसीटीवी कैमरों और प्रशासनिक अमले के जरिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है।
बताया जाता है कि वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में लंबे समय से श्रद्धालुओं की ओर से दान और पूजा-पाठ को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं। श्रद्धालुओं का आरोप था कि मंदिर में प्रवेश और दर्शन से पहले ही पांडा या बिचौलिये सक्रिय हो जाते हैं। पूजा, अभिषेक और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर श्रद्धालुओं से राशि लिए जाने की शिकायतें भी प्रशासन तक पहुंची थीं।
ये भी पढ़ें: हनुमना अस्पताल में भगवान भरोसे सुरक्षा! प्रसव कक्ष के दरवाजे तक पहुंचे कुत्ते, BMO नदारद
श्रद्धालु सीधे कर सकेंगे दान
इन्हीं शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंदिर की व्यवस्थाओं में बदलाव किया है। अब श्रद्धालु सीधे दान पेटियों में अपनी श्रद्धानुसार दान कर सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि इससे मंदिर में पारदर्शिता बढ़ेगी और दान की व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सकेगी।
विधिवत गणना और पूरा विवरण रखा जाएगा
जिला प्रशासन के अधिकारी और तहसीलदार अजय झा ने बताया कि समय-समय पर दान पेटियों को मंदिर प्रबंधक और समिति की मौजूदगी में खोला जाएगा। दान राशि की विधिवत गणना और उसका पूरा विवरण रखा जाएगा। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर में व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: उज्जैन गोपाल मंदिर रोड चौड़ीकरण मामलाः शाही मस्जिद हटाने के खिलाफ दोनों याचिकाएं खारिज, अधिवक्ता बोले- आदेश का अध्ययन कर करेंगे अपील
सीसीटीवी कैमरे से निगरानी
फिलहाल वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में सीसीटीवी कैमरों और प्रशासनिक निगरानी के बीच नई व्यवस्था लागू हो गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं को राहत देने के साथ मंदिर में पारदर्शिता और सुचारू दर्शन व्यवस्था कायम करने में कितनी कारगर साबित होती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



