रवि रायकवार, दतिया। दतिया के राजघाट कॉलोनी में शासकीय आवासों पर सालों से जमे अशासकीय कब्जाधारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने पुलिस और नगर पालिका की टीम के साथ मिलकर करीब 18 शासकीय आवास खाली करवाए। कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौजूद रहा।

ये भी पढ़ें: ‘उज्जैन में रामलला जैसा हाल नहीं होने देंगे!’ खड़े हनुमान मंदिर पहुंचीं हर्षानंद गिरी, रखी ये बड़ी मांग

नोटिस के बाद भी नहीं खाली कर रहे थे मकान

दतिया की राजघाट कॉलोनी में बने शासकीय आवास लंबे समय से अशासकीय लोगों के कब्जे में थे। जिला प्रशासन द्वारा कई बार नोटिस जारी कर आवास खाली करने के निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद कई कब्जाधारी आवास खाली नहीं कर रहे थे।

इसी को लेकर जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाते हुए आवास खाली कराने की मुहिम शुरू की है। गुरुवार सुबह से ही तहसील प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की टीम राजघाट कॉलोनी पहुंची और कार्रवाई शुरू की। प्रशासन की टीम ने करीब 18 शासकीय आवासों को कब्जामुक्त कराया।

‘अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई’

कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय संपत्ति पर किसी भी तरह का अवैध या अशासकीय कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन लोगों ने नोटिस के बावजूद आवास खाली नहीं किए, उनके खिलाफ प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

ये भी पढ़ें: पांढुर्णा में विश्वप्रसिद्ध गोटमार मेला कल: जाम नदी के तट पर फिर बरसेंगे खूनी पत्थर, 1955 से अब तक 14 मौतें

तहसीलदार अजय झा ने बताया कि काफी समय से अशासकीय लोगों द्वारा शासकीय आवासों पर कब्जा किया गया था। नोटिस देने के बाद अब आवास खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m