रवि रायकवार, दतिया। दतिया जिले के भांडेर में पुलिस ने दंपति से हथियार दिखाकर सोने का हार लूटने की वारदात का खुलासा किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सोने का जोधा हार और वारदात में इस्तेमाल काले-लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 10 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम कुल्हरिया निवासी हरीशंकर निरंजन अपनी पत्नी संध्या के साथ भाण्डेर में एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सरसई रोड पर ततारपुरपट्टी स्थित मिथला गार्डन के आगे नहर के पास पल्सर सवार तीन बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवाई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर महिला के गले से सोने का जोधा हार लूट लिया और फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: बीच सड़क फिल्मी ड्रामा: पत्नी को दूसरे युवक के साथ देख भड़का पति, चचेरे भाई संग मिलकर की बेल्ट से ताबड़तोड़ पिटाई; वीडियो वायरल

फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और विवेचना के आधार पर शरद कुमार अहिरवार, मुकुल राजपूत और विक्रम वंशकार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने झांसी में लूट की योजना बनाने और सुनसान सड़क का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी अभिषेक राजपूत उर्फ ‘अभी’ की तलाश जारी है। उसके विरुद्ध झांसी में लूट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना भाण्डेर और थाना सरसई की संयुक्त टीम ने की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m