भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए चला आ रहा तूफानी चुनाव प्रचार 28 जुलाई शाम 5 बजे थम जाएगा। शाम 5 बजे के बाद लाउडस्पीकर शांत हो जाएंगे और बाहरी नेताओं को दतिया की सीमा छोड़नी होगी। दतिया में 30 जुलाई को मतदान होगा जबकि 3 अगस्त को नतीजे आएंगे। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के दिग्गजों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
ये भी पढ़ें: अमरनाथ यात्रा बस हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस 50 फीट खाई में गिरी, 40 घायलों में MP और राजस्थान के निवासी
दतिया में मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है। यहां भारतीय जनता पार्टी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधी टक्कर है लेकिन बसपा और निर्दलीय मैदान में डटे दामोदार यादव की मौजूदगी ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय बना दिया है।
दतिया में दिग्गजों का डेरा, किसने कहां झोंकी ताकत?
चुनाव प्रचार के आखिरी 72 घंटों में दोनों ही प्रमुख दलों के बड़े से बड़े चेहरों ने दतिया की गलियों, चौपालों और रैलियों में पसीना बहाया है।
भाजपा की तरफ से मोर्चा संभालते दिग्गज
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया पहुंचकर मां पीतांबरा पीठ में दर्शन पूजन के बाद शहर में भव्य रोड शो किया। तो वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बसई क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांगा।
इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, डिप्टी CM जगदीश देवड़ा, प्रहलाद पटेल और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार जनसभाएं और घर-घर संपर्क करते नजर आए।
कांग्रेस का धुआंधार पलटवार
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पिछले तीन दिनों से दतिया में ही डेरा जमाए हुए हैं। उन्होंने पूरी विधानसभा को चार हिस्सों में बांटकर ताबड़तोड़ नुक्कड़ सभाएं कीं।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह और सचिन यादव ने घर-घर जाकर चौपालें लगाईं और रात्रि जनसंपर्क के जरिए वोटरों को साधा।
‘जनता विकास के साथ, कांग्रेस तलाश रही हार के बहाने- BJP
प्रचार के आखिरी दिन भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने जीत का बड़ा दावा करते हुए कहा कि दतिया की जनता पूरी तरह से विकास और जनकल्याणकारी नीतियों के साथ है। हमारे एक-एक कार्यकर्ता और बड़े नेता घर-घर तक पहुंचे हैं। भाजपा को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस को अपनी हार साफ नजर आ रही है, इसलिए वे अभी से हार के बहाने तलाशने में जुट गए हैं।
ये भी पढ़ें: एक कंकड़ से भड़का बवालः कार के पहिए से उछले पत्थर पर जमकर चले लाठी-डंडे, मौके पर पहुंचे एसपी-कलेक्टर
जनता अराजकता नहीं चाहती, दतिया में होगा बदलाव- कांग्रेस
दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाएगी। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता अब अराजकता और आतंक का राज नहीं चाहती। हमारे प्रत्याशी घनश्याम सिंह बेहद सहज और सरल स्वभाव के नेता हैं, जिन्हें जनता का पूरा स्नेह मिल रहा है। आज कांग्रेस दतिया में एक बड़ी अंतिम जनसभा कर रही है। मतदान वाले दिन कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता दतिया के चारों तरफ पोलिंग बूथों पर मुस्तैद रहेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


