० खराब मिली लंबाई-वजन मापने की मशीन, जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग और जरूरतों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश

राकेश कथूरिया, कैथल। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए उपायुक्त अपराजिता ने मंगलवार सुबह शहर के बलराज नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-413 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड में अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर और सुपरवाइजर के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने केंद्र में उपलब्ध राशन, स्टॉक रजिस्टर, बच्चों और कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाइयों, खिलौनों तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने राशन के भंडारण की व्यवस्था सुधारने और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान बच्चों की लंबाई और वजन मापने वाली मशीन खराब मिली, जिस पर डीसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने आयरन एवं फोलिक एसिड सिरप की एक्सपायरी डेट की भी जांच की और टीकाकरण जैसी गतिविधियों की उचित वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसी अपराजिता ने जिला कार्यक्रम अधिकारी सपना को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, आवश्यक सुविधाओं की सूची तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को भेजने और खराब मशीनों की तत्काल मरम्मत या नई मशीनों की मांग भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सरकार के निर्देशानुसार पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सभी सेवाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही स्टॉक रजिस्टर को सही तरीके से अपडेट न रखने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी वर्कर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।