कैथल की उपायुक्त अपराजिता ने मानसून सीजन में शहर के भीतर जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों की अहम बैठक ली है। उन्होंने ड्रेनों की गाद हटाने और पानी निकासी के लिए पंपों को पूरी तरह चालू रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
राकेश कथूरिया, कैथल। डीसी अपराजिता ने नगर परिषद, सभी नगर पालिकाओं के अधिकारियों, जनस्वास्थ्य, सिंचाई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि जिले में बरसात के दौरान कहीं भी जलभराव की गंभीर स्थिति नहीं बननी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि अधिकारी जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाए रखें तथा सभी नालों और ड्रेनों की सफाई का कार्य तेजी से करवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करना सुनिश्चित करें, क्योंकि इस जनहित के कार्य में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी अपराजिता लघु सचिवालय स्थित सभागार में बरसात के दौरान जल निकासी विषय पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रही थीं।
जल निकासी व्यवस्था होगी सुदृढ़
डीसी अपराजिता ने अधिकारियों से कहा कि जिन संवेदनशील स्थानों पर जलभराव की ज्यादा संभावना रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पंपिंग की व्यवस्था कर पानी की सुरक्षित निकासी करवाई जाए। बारिश के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की मानसिक या शारीरिक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने नहरी विभाग व जन स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही है। सफाई के दौरान ड्रेनों से जो भी गाद या कीचड़ बाहर निकाली गई है, उन्हें दोबारा पानी के साथ ड्रेनों में जाने से हर हाल में रोका जाए।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
उन्होंने विशेषकर नगर परिषद व सभी नगर पालिकाओं के अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि इस सफाई कार्य में कोई भी ढिलाई न बरती जाए। यदि निरीक्षण के दौरान कोई लापरवाही मिलती है तो संबंधित लापरवाह अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ तुरंत सख्त प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शहर में जल निकासी की पूरी व्यवस्था को समय रहते सुदृढ़ किया जाए और इस महत्वपूर्ण कार्य की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपायुक्त कार्यालय को अनिवार्य रूप से भिजवाई जाए। बैठक में उपस्थित सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने डीसी को भरोसा दिलाया कि जनहित के इन कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा कर लिया जाएगा।

