राकेश कथूरिया,कैथल। हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में तिरंगा प्रदर्शनी लगाई गई। डीसी अपराजिता ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों तक देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाना है।
डीसी ने प्रदर्शनी में लगाई गई सामग्री का अवलोकन किया और तिरंगे के इतिहास से जुड़ी जानकारी ली।

‘तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक’
डीसी अपराजिता ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इससे देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं। तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्र देश की एकता, शांति, त्याग, साहस और आगे बढ़ने का संदेश देते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है। यह उन स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को याद करने का अवसर भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शनी में तिरंगे के इतिहास और नियमों की जानकारी
डीसी ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और गौरव के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही तिरंगे के सम्मानपूर्वक उपयोग से जुड़े नियम भी बताए जा रहे हैं।
प्रदर्शनी में ‘नो योर तिरंगा’ के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े कई महत्वपूर्ण और रोचक तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं। इसमें फ्लैग कोड ऑफ इंडिया और तिरंगे के सम्मान व उपयोग से जुड़े नियमों की जानकारी भी दी गई है।
‘हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें’
डीसी अपराजिता ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराना देश के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना मजबूत होती है। तिरंगा प्रदर्शनी खास तौर पर युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और उनमें देशभक्ति की भावना बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


