राकेश कथूरिया, कैथल। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को जिला प्रशासन और खेल विभाग की ओर से भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

चौ. छोटू राम स्टेडियम से रवाना हुई रैली
बाइक रैली को जिला नगर आयुक्त कपिल कुमार और जिंदल हाउस कैथल के प्रभारी रविंद्र धीमान ने चौ. छोटू राम स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर पूरे जोश के साथ आगे बढ़े।
इस दौरान लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया। रैली में युवाओं की बड़ी भागीदारी रही।
‘हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति प्रतिबद्धता जताने का अवसर’
जिला नगर आयुक्त कपिल कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर देता है। उन्होंने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं। इसके साथ तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करें और डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त करें।
‘तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक’
जिंदल हाउस कैथल के प्रभारी रविंद्र धीमान ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और अस्मिता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान पर देश और प्रदेश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं और आम लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाने और हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
जिला खेल अधिकारी और खिलाड़ी रहे मौजूद
रैली के दौरान जिला खेल अधिकारी राजरानी, कोच गुरमीत समेत अन्य कोच और खिलाड़ी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने तिरंगे के साथ रैली में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


