रोहतक। भाजपा पार्षद कपिल नागपाल के कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा को लेकर दिए बयान पर विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने पार्षद के बयान पर आपत्ति जताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कपिल नागपाल से विधायक से माफी मांगने और सार्वजनिक बयान देते समय शब्दों की मर्यादा बनाए रखने को कहा है।
कपिल नागपाल भाजपा के वार्ड-7 से पार्षद हैं और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे विधायक भारत भूषण बतरा ने कुछ लोगों को उनके घर भेजा। नागपाल के मुताबिक, इन लोगों ने उनके घर के बाहर नारेबाजी की। उन्होंने विधायक से पिछले 12 साल में कराए गए विकास कार्यों का हिसाब भी बताने को कहा।
नागपाल का आरोप- विधायक ने लोगों को मेरे घर भेजा
पार्षद कपिल नागपाल ने कहा कि उनके घर पहुंचे लोगों से उन्होंने विधायक कार्यालय या बिजली कार्यालय जाने को कहा, लेकिन उन्होंने वहां जाने से इनकार कर दिया। नागपाल का दावा है कि इससे साफ है कि इन लोगों को विधायक ने ही भेजा था।
उन्होंने विधायक पर जनता का सहारा लेकर उनके खिलाफ माहौल बनाने का आरोप लगाया। नागपाल ने कहा कि विधायक को उनके खिलाफ सीधे सामने आकर बात करनी चाहिए।
‘निपटा दूंगा’ वाले बयान पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति
कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष कपिल खन्ना ने कपिल नागपाल के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पार्षद ने विधायक को लेकर ‘चेले तो निपटा दिए, विधायक को भी निपटा दूंगा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है।
खन्ना ने कहा कि नागपाल पहले भी अपनी ही पार्टी के जिलाध्यक्ष को लेकर इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करने की बात कह चुके हैं। अब विधायक के खिलाफ भी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि पार्षद इस तरह के बयान क्यों दे रहे हैं।
‘चुने हुए प्रतिनिधि को भाषा की मर्यादा रखनी चाहिए’
कपिल खन्ना ने कहा कि कपिल नागपाल एक चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं। उन्हें इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने नागपाल से विधायक भारत भूषण बतरा से माफी मांगने की मांग की।
खन्ना ने कहा कि अगर पार्षद ने अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक बयान देते समय शब्दों की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


