सोनीपत में सीएम विंडो की लंबित शिकायतों को लेकर डीसी नेहा सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

संजीव घनगस, सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें ताकि शिकायतकर्ता को समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों के निवारण को लेकर अगर किसी अधिकारी द्वारा किसी भी स्तर पर लापरवाही की गई, तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सीएम विंडो की शिकायतों की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को मानव संसाधन विकास (एचआरडी) के आयुक्त एवं सचिव, फुल चंद मीणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक की और उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

तीन दिन में दें एटीआर

वीसी के पश्चात उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में जिला के सभी विभागाध्यक्षों के साथ सीएम विंडो की शिकायतों को लेकर एक गहन समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त ने जिन-जिन विभागों की शिकायतें लंबित हैं, उन सभी शिकायतों की एक-एक करके समीक्षा की व संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान डीडीपीओ, तहसीलदार, बीडीपीओ, एलडीएम, यूएलबी व अन्य सभी संबंधित विभागों को उनकी लंबित शिकायतों को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे आगामी तीन दिन के अंदर सभी ओवरड्यू शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए एमिनेंट पर्सन के साइन पश्चात पोर्टल पर अपनी एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) अपलोड करें।

अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई

उपायुक्त ने निर्देशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने संबंधित बीडीपीओ को विशेष निर्देश दिए कि वे 14 जुलाई तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह दी, जिससे शिकायतों का निवारण जल्द से जल्द किया जा सके। इस अवसर पर सीटीएम सिमरन, एमडी शुगर मिल डॉ। अनमोल, एसीपी राजदीप मोर, डीडीपीओ मनीष मलिक, सीएमओ डॉ। अनुराधा जैन, डीएसओ मनोज कुमार, डीटीपी नीलम शर्मा, तहसीलदार कीर्ति व अन्य सभी विभागों के विभागाध्यक्ष मुख्य रूप से मौजूद रहे।