राकेश कथूरिया, कैथल। एग्रीस्टैक रजिस्ट्रेशन और ऑटो म्यूटेशन के काम की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कैथल की डीसी अपराजिता ने राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डीआरओ, कृषि उपनिदेशक, सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। डीसी ने एग्रीस्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे और ऑटो म्यूटेशन के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

24 अगस्त तक एग्रीस्टैक रजिस्ट्रेशन पूरा करने का लक्ष्य

डीसी अपराजिता शुक्रवार को लघु सचिवालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रही थीं। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन कार्यों की राज्यस्तरीय समीक्षा की और तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एग्रीस्टैक रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य पूरा करने के लिए गांवों में विशेष कैंप लगाए जाएं। इन कैंपों के जरिए किसानों का पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने 24 अगस्त तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने को कहा।

किसानों की शंकाएं दूर करने के निर्देश

डीसी ने कहा कि किसानों को एग्रीस्टैक रजिस्ट्रेशन के फायदे और इसकी जरूरत के बारे में पूरी जानकारी दी जाए। अगर किसानों के मन में किसी तरह की शंका या भ्रम है तो उसे दूर किया जाए।

उन्होंने डेटा की शुद्धता और गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कैंप के दौरान किसानों के रजिस्ट्रेशन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

ऑटो म्यूटेशन में देरी पर सख्ती

डीसी ने इंतकाल और ऑटो म्यूटेशन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निपटारे में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी को ऑटो म्यूटेशन के मामलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। तकनीकी या फील्ड स्तर पर कोई समस्या आने पर उसका प्राथमिकता से समाधान कराने को कहा।

डिजिटल क्रॉप सर्वे में भी तेजी के निर्देश

डीसी ने डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम भी तय समय में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि सभी योजनाओं और सेवाओं का लाभ किसानों तक समय पर पहुंच सके।

बैठक में कैथल के एसडीएम संजय कुमार, गुहला के एसडीएम मनीष यादव समेत राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m