संजीत कबलाना, झज्जर। आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान ने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने अस्पताल में मौजूद आधुनिक उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया।
ओपीडी पहुंचकर मरीजों से की बातचीत
डीसी वर्षा खांगवाल ने ओपीडी में पहुंचकर मरीजों से सीधे संवाद किया और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों से मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए, ताकि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
स्वच्छता पर दिया विशेष जोर
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर, वार्डों और शौचालयों की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल परिसर में नियमित सफाई और संक्रमण नियंत्रण के उपायों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
स्वयं सहायता समूह की कैंटीन की सराहना
निरीक्षण के दौरान डीसी ने अस्पताल परिसर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित कैंटीन का भी दौरा किया। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर भोजन सुविधा मिलने के साथ-साथ महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

डायरिया और मच्छरजनित बीमारियों पर सतर्क रहने के निर्देश
बढ़ती गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को डायरिया और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का किया निरीक्षण
डीसी वर्षा खांगवाल ने आपातकालीन विभाग, औषधालय, सामान्य वार्ड, बायोटेक्नोलॉजी लैब, एनआईसीयू, कैंसर डे-केयर सेंटर, एचपीवी टीकाकरण काउंटर, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट कक्ष, डेंटल विभाग, शिशु वार्ड, प्रसव कक्ष और आयुष्मान केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करें तथा मरीजों को परिवार के सदस्य की तरह सम्मान और सहयोग प्रदान करें।

