अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. सिंचाई विभाग कॉलोनी के बाहर स्थित एक विद्युत ट्रांसफार्मर में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के दौरान ट्रांसफार्मर से जुड़े कई विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसमें आग लग गई.
आग की लपटें और धमाके जैसी आवाजें सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए. देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. काफी देर की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
इसे भी पढ़ें : लखनऊ अग्निकांड: घटनास्थल पर पहुंची SIT, 2016 में गिरने वाली थी बिल्डिंग फिर पलट गया ध्वस्तीकरण का आदेश
समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के मकानों और अन्य विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचने से बचा लिया गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला. लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में विद्युत उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है, जिसके चलते इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं. नागरिकों ने ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों की नियमित जांच कराने और क्षतिग्रस्त उपकरणों को शीघ्र बदलने की मांग की है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गया है.

