लखनऊ। राजधानी के कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की जान चली गई है। मरने वाले लोगों में ज्यादातर 20 से 30 साल के स्टूडेंट्स हैं। जिस बिल्डिंग में यह दुखद घटना हुई है, उसे 2016 में गिराने का आदेश जारी किया गया था लेकिन दो माह से कम समय में ही उस आदेश को निरस्त भी कर दिया गया।

मकान मालिक को नोटिस

लखनऊ विकास प्राधिकरण के वीसी ने बताया कि बिल्डिंग मालिक को नोटिस जारी करके 15 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। उसके बाद बिल्डिंग पर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। छानबीन के दौरान पता चला कि यह बिल्डिंग रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर वीरेंद्र समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटनास्थल पर पहुंची एसआईटी

इधर, अग्निकांड की जांच के लिए एसआईटी की टीम मौके पर पर पहुंच गई है। अतिरिक्त महानिदेशक (लखनऊ जोन) प्रवीण कुमार ने कहा कि हम हर एंगल से जांच कर रहे है। निर्धारित समय में हर आयाम पर जांच करेंगे। हर विभाग के दायित्व को विस्तार से देखेंगे। बहुत जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

READ MORE: लखनऊ अग्निकांड पर CM योगी का एक्शन, 4 अधिकारियों पर गिरी सस्पेंशन की गाज, जांच के लिए दो सदस्यीय SIT का गठन

जानिए पूरा घटनाक्रम

  • दोपहर 2:15 बजे: अलीगंज के सेक्टर डी के चार मंजिला कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई। पहले लोगों ने आग पर काबू का प्रयास किया।
  • दोपहर 2:30 बजे: आग को लगातार बढ़ती देख फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी गई।
  • दोपहर 3.10 बजे: फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की भयावहता की जानकारी विभाग को दी गई। धीरे-धीरे दमकल की 13 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। आग पर काबू का प्रयास शुरू किया गया।
  • शाम 6:30 बजे: फायर ब्रिगेड की ओर से आग पर काबू पाने और हालात के सामान्य होने की जानकारी दी गई। आग लगने से 15 युवाओं की मौत का मामला सामने आया।

फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग संस्थान सील

वहीं कोचिंग संस्थान से जुड़े हादसे के बाद केडीए ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब काकादेव में बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की और फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। जांच में इन संस्थानों में भवन और सुरक्षा संबंधी मानकों के उल्लंघन की बात सामने आई। अधिकारियों का कहना है कि मानकों की अनदेखी पाए जाने पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।