रानीश्वर। बुधवार देर रात हुई तेज बारिश के बीच चुआपानी गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। टोंगरा थाना क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से 16 वर्षीय सुशीला मरांडी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिजली घर के आंगन में गिरी और सुशीला उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।
गरज-चमक के बीच हुआ हादसा
बुधवार रात इलाके में तेज बारिश के साथ लगातार गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान बाबुजी मरांडी के घर के आंगन में वज्रपात हुआ। सुशीला इसकी चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दो बहनों में सबसे छोटी थी सुशीला
सुशीला अपने परिवार में दो बहनों में सबसे छोटी थी। उसके दो भाई भी हैं। बेटी की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया।
आठवीं तक पढ़ाई, फिर दूरी बनी मजबूरी
सुशीला ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय चुआपानी से आठवीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद गांव से हाई स्कूल की दूरी और चुआपानी तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण उसकी पढ़ाई आगे जारी नहीं रह सकी।ग्रामीणों के अनुसार, गांव की भौगोलिक स्थिति और आवागमन की परेशानी का असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है।
मासूम बेटी की मौत से सदमे में परिवार
महज 16 साल की उम्र में सुशीला की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। अचानक हुए इस हादसे के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं। वहीं सुशीला की मौत की खबर से चुआपानी गांव में मातम पसरा हुआ है।



