नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद तबाही की भयावह तस्वीरें सामने आ रही हैं। इस प्राकृतिक आपदा में 660 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे शवों की है, जिनकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। ऐसे में नेपाल प्रशासन ने एक बड़ा और दुखद फैसला लिया है। नदी से अब तक 233 शव बरामद किए जा चुके हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 4 शवों की ही पहचान हो पाई है। बाकी बचे 229 अज्ञात शवों को आज से देवघाट में तय की गई जगह पर सामूहिक रूप से दफनाया जाएगा। यह फैसला चितवन जिला सुरक्षा समिति ने डॉक्टरों की सलाह के बाद लिया है, क्योंकि शव तेजी से सड़ने लगे थे और इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया था।
चितवन में मिले 233 शव, सिर्फ 4 की पहचान
काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, चितवन की डिस्ट्रिक्ट सिक्योरिटी कमेटी ने बताया कि बाढ़ के बाद जिले में कुल 233 शव बरामद किए गए, लेकिन इनमें से सिर्फ चार की पहचान हो पाई है। बाकी 229 शवों को अलग-अलग होल्डिंग और हेल्थ सेंटर में रखा गया था।
अधिकारियों के अनुसार, नदी किनारे और अन्य स्थानों से मिले शव और मानव अवशेष काफी सड़ चुके थे। ऐसे में उन्हें देखकर पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी चेतावनी दी कि शवों के लगातार सड़ने से दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
DNA सैंपल के बाद किया जा रहा अंतिम संस्कार
अधिकारियों ने अनआइडेंटिफाइड एंड अनक्लेम्ड बॉडीज़ मैनेजमेंट (फर्स्ट अमेंडमेंट) डायरेक्टिव, 2026 के तहत आपातकालीन कदम उठाते हुए अज्ञात शवों को दफनाने का फैसला किया है।
दफनाने से पहले प्रत्येक शव का DNA सैंपल लिया जा रहा है और उसे एक यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर दिया जा रहा है। भरतपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी के वार्ड-1 स्थित देवघाट में शवों को दफनाया जा रहा है। हर कब्र पर स्टील प्लेट में पहचान टैग लगाया जाएगा, ताकि भविष्य में DNA मैच होने पर परिवार शव की पहचान कर सकें।
287 भारतीय अब भी लापता
भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल बाढ़ में अब तक 88 भारतीय नागरिकों को बचाया जा चुका है, जबकि 287 भारतीय अभी भी लापता हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत से छह फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमें काठमांडू पहुंचेंगी। ये विशेषज्ञ शवों की पहचान के लिए DNA सैंपल के विश्लेषण में नेपाली अधिकारियों की मदद करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


