हेमंत शर्मा, इंदौर। रियल एस्टेट कारोबार में आई मंदी और करोड़ों रुपये के कर्ज के दबाव ने एक और जिंदगी निगल ली। इंदौर के खुडैल क्षेत्र के रहने वाले 45 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उन्होंने दोस्तों को भावुक संदेश भेजा और तीन पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर अपनी मजबूरी बयां की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

READ MORE: जिंदा महिला को कागजों में ‘मृत’ दिखाकर 100 करोड़ से ज्यादा की जमीन हड़पने का खेल! 13 नामजद समेत अन्य पर केस , मृत्यु प्रमाण पत्र की भी होगी जांच

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बहादुर सिंह परिहार (45) निवासी ग्राम शिवनी, खुडैल के रूप में हुई है। मंगलवार शाम उनका शव पिपलादा स्थित हनुमान मंदिर के पीछे कुएं के पास मिला। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बहादुर सिंह मंगलवार सुबह करीब 5 बजे घर से बिना किसी को बताए निकल गए थे। सुबह करीब 11:30 बजे उन्होंने अपने कुछ करीबी दोस्तों को मोबाइल पर संदेश भेजा। संदेश में उन्होंने लिखा कि वह भारी कर्ज के बोझ तले दब चुके हैं और अब उसे चुकाना संभव नहीं है। इसलिए वह अपनी जिंदगी खत्म करने जा रहे हैं। संदेश मिलते ही दोस्तों ने उन्हें लगातार फोन किए और कई जगह तलाश की, लेकिन शाम को उनका शव मंदिर परिसर के पीछे मिला। बताया जा रहा है कि बहादुर सिंह खुडैल क्षेत्र के जाने-माने प्रॉपर्टी कारोबारी थे। परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

जमीनों में निवेश बना सबसे बड़ा बोझ

करीबी लोगों के अनुसार, बहादुर सिंह ने जमीनों के बढ़ते दामों की उम्मीद में कर्ज लेकर कई संपत्तियों में निवेश किया था। लेकिन बाजार में अपेक्षित तेजी नहीं आने से वह आर्थिक संकट में फंस गए। धीरे-धीरे कर्ज का बोझ इतना बढ़ गया कि उससे निकलना उनके लिए मुश्किल हो गया। दोस्तों ने बताया कि बहादुर सिंह धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और हनुमान भक्त माने जाते थे। उन्होंने कुछ समय पहले मंदिर में लाखों रुपये का दान भी दिया था और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।

सुसाइड नोट में छलका दर्द

पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। उसमें उन्होंने लिखा है कि वह अपनी इच्छा से यह कदम उठा रहे हैं और उनकी मौत के लिए परिवार के किसी सदस्य को जिम्मेदार न ठहराया जाए। नोट में उन्होंने लिखा कि उनका परिवार खुशहाल है, लेकिन आर्थिक तंगी और कर्ज ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनकी डायरी में लेन-देन और कर्ज का पूरा हिसाब दर्ज है, जो उनके निधन के बाद परिवार को मिल जाएगा।

फिलहाल खुडैल पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कारोबारी पर कितना कर्ज था और किन परिस्थितियों ने उन्हें इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m