कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। कांग्रेस सांसद ने लगातार दूसरे दिन 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी में हरियाणा को प्रमुख भूमिका दिए जाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को ‘राज्यधर्म’ नहीं, बल्कि ‘राजधर्म’ निभाना चाहिए और देश के सबसे सफल खेल राज्य हरियाणा को इस बड़े आयोजन का अवसर दिलाने के लिए गंभीर पहल करनी चाहिए।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की मांग केवल 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी तक सीमित नहीं है, बल्कि लक्ष्य यह होना चाहिए कि भारत पदक तालिका में नंबर-1 स्थान हासिल करे। उनके अनुसार यह तभी संभव होगा, जब हरियाणा जैसे खेल प्रधान राज्यों में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित की जाए और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा लंबे समय से देश को सबसे अधिक पदक विजेता खिलाड़ी देने वाला राज्य रहा है। ऐसे में यदि कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हरियाणा में होता है तो इससे न केवल प्रदेश की खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी, बल्कि खेल बुनियादी ढांचे के विकास को भी गति मिलेगी।

कांग्रेस सांसद ने भाजपा सरकार से आग्रह किया कि वह राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर हरियाणा के हित में केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश की दावेदारी को मजबूती से रखे। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हरियाणा के खिलाड़ियों और प्रदेश के गौरव का है।

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से दीपेंद्र हुड्डा लगातार 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी में हरियाणा को अवसर दिए जाने की मांग उठा रहे हैं। इस मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है और भाजपा तथा कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m