कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे से पहले हरियाणा में नए आईआईटी की स्थापना की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना काल के बाद से बंद पड़ी एनसीआर क्षेत्र की ट्रेनों को दोबारा चलाने का आग्रह किया है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद दौरे से पहले कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार से हरियाणा के लिए बड़े विकासात्मक ऐलान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जींद आगमन का स्वागत है, लेकिन प्रदेश की जनता को केवल उद्घाटन नहीं, बल्कि नई परियोजनाओं की सौगात भी मिलनी चाहिए।

दीपेंद्र हुड्डा ने मांग की कि प्रधानमंत्री जींद से हरियाणा के लिए एक नए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) की घोषणा करें और प्रदेश को कोई बड़ा विकासात्मक तोहफा देकर जाएं। उनका कहना है कि इससे युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान बिछाई गई जींद-गोहाना-सोनीपत रेल लाइन पर हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन होना स्वागतयोग्य है। साथ ही उन्होंने मांग की कि कोविड-19 के बाद से बंद पड़ी एनसीआर क्षेत्र की सभी ट्रेनों का संचालन तत्काल बहाल किया जाए, ताकि रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिल सके।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को प्रधानमंत्री को यह भी बताना चाहिए कि जिस रेल लाइन पर हाइड्रोजन ट्रेन चलेगी, उसका निर्माण कांग्रेस की भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार के कार्यकाल में हुआ था। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में प्रदेश में करीब 325 किलोमीटर नई रेल लाइन और 83 किलोमीटर मेट्रो लाइन बिछाई गई थी, जबकि पिछले 12 वर्षों की भाजपा सरकार में एक इंच भी नई रेल या मेट्रो लाइन नहीं बिछाई गई।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जींद दौरे को हरियाणा के विकास के लिए यादगार बनाया जाना चाहिए और प्रदेश के हित में नई परियोजनाओं व जनहित से जुड़े फैसलों की घोषणा की जानी चाहिए।