रोहतक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला और भाजपा पर कांग्रेस कार्यकाल की योजनाओं का श्रेय लेने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने हाइड्रोजन ट्रेन की विफलता, संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों और बिहार एनकाउंटर में मृत भरत तिवारी के लिए इंसाफ की मांग रखी।

रोहतक। स्थित शहीद मदन लाल ढींगड़ा कम्युनिटी सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने राज्य दौरे के दौरान किसी नई योजना की घोषणा करने के बजाय पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन कर श्रेय बटोर रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि बीते 12 वर्षों से भाजपा केवल कांग्रेस की योजनाओं को अपनी बताकर पेश कर रही है।

हाइड्रोजन ट्रेन पर सवाल

सांसद हुड्डा ने जींद से शुरू की गई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के परिचालन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर प्रचारित की गई यह ट्रेन शुरुआत के एक ही दिन में ठप हो गई और उसे टोचन करके दिल्ली ले जाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस जींद-गोहाना-सोनीपत रेल मार्ग पर यह ट्रेन दौड़ाई गई, उसका निर्माण कार्य भी कांग्रेस शासन के दौरान ही हुआ था।

संसद में उठेंगे मुद्दे

संसदीय रणनीति का उल्लेख करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आगामी सत्र में कांग्रेस पार्टी नीट पेपर लीक, छात्रों के अधिकार, राम मंदिर में कथित वित्तीय गबन, विदेश नीति और इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल जैसे ज्वलंत विषयों को जोर-शोर से उठाएगी। नीट गड़बड़ी को लेकर पार्टी लगातार आवाज बुलंद कर रही है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर कायम है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करेगी, परंतु परिसीमन से जुड़ी भाजपा की नीयत पर सवाल खड़े किए जाएंगे।

मशाल जुलूस और श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के समापन पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिहार में पुलिस मुठभेड़ के दौरान जान गंवाने वाले भरत तिवारी की याद में रोहतक में एक मशाल जुलूस निकाला। इस मौके पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ विधायक भारत भूषण बतरा और कुलदीप वत्स भी शामिल रहे। कांग्रेस ने इस घटना को एनकाउंटर मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या करार दिया और निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग की।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि वर्तमान में संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को बचाने की लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों का दमन किया जा रहा है और भरत तिवारी को भी इसी कारण निशाना बनाया गया। कांग्रेस इस मामले को कानूनी और राजनीतिक दोनों मंचों पर मजबूती से उठाएगी।