दिल्ली देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने सहकारी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ के साथ औपचारिक साझेदारी की है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को औपचारिक रूप से ‘भारत टैक्सी’ सेवा लॉन्च की थी। इसके तुरंत बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) ने भारत टैक्सी की सहकारी इकाई सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) के साथ MOU पर साइन किया।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार की ओर से पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, DTTDC के प्रबंध निदेशक सुनील अंचिपाका और महाप्रबंधक डी. कार्तिकेयन मौजूद रहे। STCL की ओर से वाइस चेयरमैन रोहित गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल हिमांशु और ऑपरेशंस एंड कम्युनिटी एंगेजमेंट की कार्यकारी आरुषि कौल कार्यक्रम में शामिल रहीं। इस साझेदारी के माध्यम से दिल्ली में सहकारी टैक्सी सेवा को बढ़ावा देना, बेहतर मोबिलिटी सुविधाएँ उपलब्ध कराना और टैक्सी चालकों को साझा लाभ प्रदान करना सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में सहकारी मॉडल के तहत आधुनिक और भरोसेमंद टैक्सी सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य केवल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि ऐसा मॉडल तैयार करना है जिसमें तकनीक के साथ-साथ मानवीय गरिमा और टैक्सी चालकों की आजीविका की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने कहा, “सहकारी टैक्सी मॉडल इसी सोच को जमीन पर उतारता है।”
प्रमुख पहलें और प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में भारत टैक्सी के सहकारी मॉडल के तहत DTTDC पर्यटन और ब्रांडिंग पार्टनर की भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि टैक्सी चालक पर्यटकों के लिए शहर का पहला परिचय होते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए, चालकों को सॉफ्ट स्किल्स, दिल्ली की संस्कृति, इतिहास और विरासत से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भारत टैक्सी के सहकारी मॉडल के तहत प्रशिक्षित टैक्सी चालक अब दिल्ली पर्यटन के ‘ब्रैंड एम्बेसडर’ के रूप में काम करेंगे। इसके अलावा, STCL अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म और सहकारी ड्राइवर नेटवर्क के माध्यम से तकनीकी रूप से सक्षम और सुरक्षित टैक्सी सेवाएँ प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य है कि रोजमर्रा के यात्री और पर्यटक दोनों को व्यवस्थित, भरोसेमंद और आधुनिक सेवा मिले।
भारत टैक्सी की साझेदारी के तहत अब राजधानी आने वाले पर्यटकों के लिए टैक्सी के जरिए घूमने-फिरने के खास पैकेज भी शुरू किए जाएंगे। इन पैकेजों में पर्यटकों को दो घंटे, चार घंटे और पूरे दिन के दर्शनीय स्थल भ्रमण के विकल्प मिलेंगे। इसमें दिल्ली और आस-पास के प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल होंगे, ताकि पर्यटक राजधानी का संपूर्ण अनुभव आराम और सुविधा के साथ कर सकें।
अब राजधानी में पॉइंट-टु-पॉइंट टैक्सी सेवाएँ भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस सुविधा से राजधानी में एक जगह से दूसरी जगह जाने में यात्रियों को आसान और तेज़ कनेक्टिविटी मिलेगी। इसे लास्टमाइल कनेक्टिविटी के सुधार के रूप में देखा जा रहा है, जिससे रोजमर्रा के यात्री और पर्यटक दोनों सुविधाजनक और भरोसेमंद सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
दिल्ली सरकार और भारत टैक्सी की साझेदारी के तहत अब राजधानी में टैक्सी सेवाओं का नया अध्याय शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आधुनिक, भरोसेमंद और सुरक्षित टैक्सी सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


