राजधानी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। अस्पताल के एनेस्थीसिया विभाग में कार्यरत 35 वर्षीय सीनियर रेजिडेंट (एसआर) डॉक्टर डॉ. सिमरप्रीत सिंह आनंद अपने ड्यूटी रूम में मृत पाए गए। मौके से पुलिस ने तीन पन्नों का कथित सुसाइड नोट, निजी डायरी, सिरिंज और कुछ दवाओं की खाली शीशियां बरामद की हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

नाइट ड्यूटी के बाद नहीं निकले बाहर, तोड़ा गया कमरे का दरवाजा

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई की सुबह सिविल लाइंस थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि अरुणा आसफ अली अस्पताल परिसर के ड्यूटी रूम नंबर-109 में एक डॉक्टर बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक की पहचान डॉ. सिमरप्रीत सिंह आनंद के रूप में हुई, जो मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले थे और पिछले तीन वर्षों से अंबेडकर अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। 4 जुलाई की रात 8 बजे से 5 जुलाई की सुबह 8 बजे तक उनकी नाइट ड्यूटी थी। ड्यूटी पूरी होने के बाद भी बाहर नहीं आने पर अस्पताल कर्मियों ने दरवाजा तोड़ा, जहां डॉक्टर अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल इमरजेंसी ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मौके से मिला कथित सुसाइड नोट, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में डॉक्टर के बाएं हाथ में कैनुला लगा मिला। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10 बजे डॉक्टर के अनुरोध पर एक टेक्नीशियन ने कैनुला लगाया था। एफएसएल और क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। बरामद कथित सुसाइड नोट में डॉक्टर ने यह कदम अपनी इच्छा से उठाने की बात लिखी है। साथ ही एक महिला सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के साथ निजी संबंध और अंतरजातीय विवाह में पारिवारिक असहमति का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस नोट की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि

शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल सिविल लाइंस थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m