BAN vs AUS T20 Series: बांग्लादेश दौरे पर वनडे सीरीज में पिछड़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की निगाहें दूसरे वनडे मुकाबले में वापसी पर टिकी हैं। इसी बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए अपनी टीम में 4 मई 1996 को जन्मे भारतीय मूल के ऑलराउंडर निखिल चौधरी को शामिल कर बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली में जन्मे निखिल अब करीब 62 वर्षों बाद ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम के लिए खेलने वाले भारत में जन्मे पहले क्रिकेटर बन सकते हैं।

होबार्ट हरिकेन्स के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले निखिल चौधरी को पहली बार ऑस्ट्रेलियाई राष्ट्रीय टीम से बुलावा मिला है। फिलहाल वह बेल्जियम में EUT20 टूर्नामेंट में JB ब्रुजेस की ओर से खेल रहे हैं। टीम चयन के बाद वह 12 जून को ढाका पहुंचकर ऑस्ट्रेलिया की व्हाइट-बॉल टीम से जुड़ेंगे।
62 साल बाद बन सकता है ऐतिहासिक रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के लिए भारतीय मूल के कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं, जिनमें गुरिंदर संधू और तनवीर संघा जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि भारत में जन्म लेकर ऑस्ट्रेलिया की पुरुष राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का मौका किसी खिलाड़ी को 1960 के दशक के बाद नहीं मिला। आखिरी बार गुजरात में जन्मे लेग स्पिनर रेक्स सेलर्स ने 1964 में कलकत्ता टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया था।
महिला क्रिकेट में पुणे में जन्मी लिसा स्थालेकर ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ियों में शामिल रही हैं, लेकिन पुरुष क्रिकेट में भारत में जन्मे खिलाड़ी की वापसी एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
मिडिल ऑर्डर में जगह के लिए होगी कड़ी प्रतिस्पर्धा
लेग स्पिनिंग ऑलराउंडर निखिल चौधरी को टी20 टीम में मिडिल ऑर्डर के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए जोएल डेविस और एरन हार्डी जैसे खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा करनी होगी, जो केवल टी20 स्क्वाड का हिस्सा हैं।

निखिल ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी समय बिताया था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी लेग स्पिन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।
स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से जूझ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम
बांग्लादेश दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टीम कई प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति का सामना कर रही है। विस्फोटक बल्लेबाज ट्रैविस हेड निजी कारणों से टीम के साथ नहीं हैं, जबकि कप्तान मिचेल मार्श टखने की चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हैं। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि मार्श फिट होकर टी20 सीरीज में वापसी करेंगे और टीम की कप्तानी संभालेंगे।
पंजाब से ऑस्ट्रेलिया तक का सफर
4 मई 1996 को दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी ने भारत में पंजाब की टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेला है। इस दौरान उन्होंने हरभजन सिंह, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया। उन्होंने कुल 14 लिमिटेड ओवर मुकाबले खेले और मुंबई इंडियंस के लिए ट्रायल भी दिया था।

निखिल का जीवन उस समय बदल गया जब वह अपने एक रिश्तेदार से मिलने क्वींसलैंड गए। कोरोना महामारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया में फंस जाने के बाद उन्होंने वहीं अपने क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने का फैसला किया। शुरुआती दिनों में उन्होंने कई छोटे-बड़े काम किए और स्थानीय क्रिकेट में मेहनत जारी रखी।
उनकी प्रतिभा पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेम्स होप्स की नजर पड़ी। होप्स की सिफारिश पर उन्हें नॉर्दर्न सबर्ब्स ग्रेड क्रिकेट से आगे बढ़ने का मौका मिला और बाद में होबार्ट हरिकेन्स की टीम में जगह मिली।
BBL में चमके, अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दहलीज पर
निखिल चौधरी ने पिछले बिग बैश लीग (BBL) सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने होबार्ट हरिकेन्स को BBL14 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बल्ले से उन्होंने 30.70 की औसत और 153 के स्ट्राइक रेट से 307 रन बनाए, जिससे वह टीम के सबसे प्रभावी खिलाड़ियों में शामिल रहे।
हालांकि निखिल अभी ऑस्ट्रेलिया के नागरिक नहीं हैं, लेकिन स्थायी निवासी होने के कारण वे ICC की पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं और ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के योग्य हैं।
अब क्रिकेट जगत की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या निखिल चौधरी को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में डेब्यू का मौका मिलता है। यदि ऐसा होता है तो वह न केवल अपने करियर का सबसे बड़ा सपना पूरा करेंगे, बल्कि 62 साल पुराना इतिहास भी दोहराएंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

