ENG vs NZ Test Series: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 17 जून से केनिंग्टन ओवल में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के लिए टीम का ऐलान करते हुए कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटिंकसन को स्क्वाड से बाहर कर दिया है। दोनों खिलाड़ियों को पहले टेस्ट के बाद सामने आए नाइट क्लब विवाद के चलते टीम से हटाया गया है।

ईसीबी ने इस मुकाबले के लिए अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को कार्यवाहक कप्तान नियुक्त किया है। लंबे समय तक इंग्लैंड की कप्तानी संभाल चुके रूट अब एक बार फिर टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे।

नाइट क्लब विवाद की जांच में जुटा ECB

जानकारी के अनुसार, लॉर्ड्स टेस्ट के 7 जून को समाप्त होने के बाद बेन स्टोक्स और गस एटिंकसन लंदन के चेल्सी स्थित एक नाइट क्लब में जीत का जश्न मनाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों खिलाड़ियों ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा निर्धारित टीम कर्फ्यू नियमों का उल्लंघन किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टोक्स ने क्लब में अत्यधिक शराब का सेवन किया, जिसके बाद उनकी एक रग्बी खिलाड़ी के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने जांच शुरू कर दी है और अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरु कर दी है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मामला टीम अनुशासन और निर्धारित कर्फ्यू के उल्लंघन से जुड़ा है। जांच पूरी होने तक दोनों खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखने का फैसला लिया गया है। इस विवाद के बाद स्टोक्स की कप्तानी और उनके भविष्य को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जोफ्रा आर्चर की वापसी, जॉर्डन कॉक्स को मिला मौका

दूसरे टेस्ट के लिए घोषित टीम में ईसीबी ने तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को शामिल किया है। आर्चर लंबे समय बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं। एशेज सीरीज के बाद यह पहला मौका होगा जब वह टेस्ट क्रिकेट के लिए टीम का हिस्सा बने हैं।

हालांकि दूसरे टेस्ट में उनके अंतिम एकादश में शामिल होने को लेकर अभी कोई स्पष्टता नहीं है। टीम प्रबंधन उनके वर्कलोड और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए फैसला लेगा।

फिर कप्तानी की भूमिका में दिखेंगे जो रूट

जो रूट इंग्लैंड के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं और कप्तानी का लंबा अनुभव रखते हैं। उन्होंने 2017 से 2024 के बीच इंग्लैंड के लिए रिकॉर्ड 64 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है। ऐसे में टीम प्रबंधन ने संकट की स्थिति में एक बार फिर रूट पर भरोसा जताया है।

दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड

जो रूट (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर) और जोश टंग।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट 17 जून से लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला जाएगा। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड टीम इस विवाद के बीच मैदान पर कैसा प्रदर्शन करती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H