दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही एक एसी स्लीपर बस उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर बस की एक टाइल्स से लदे ट्रेलर से जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
झपकी आने से हुआ भयानक हादसा
शुरुआती जांच और पुलिस के अनुसार, ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की यह बस करीब 50 यात्रियों को लेकर दिल्ली से दरभंगा के लिए रवाना हुई थी। घटना के वक्त बस की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर जैतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यह दुर्घटना हुई। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार बस के ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई, जिसके कारण नियंत्रण खो बैठा और बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। हादसे के बाद बस और ट्रेलर के ड्राइवर मौके से फरार हो गए।
तड़के मची चीख-पुकार, 40 मिनट तक चला रेस्क्यू
हादसा उस वक्त हुआ जब ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया और उसका आधा ढांचा उड़ गया। कई यात्री अंदर ही फंस गए और हर तरफ चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बस को काटकर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। यह राहत कार्य करीब 40 मिनट तक लगातार चला।
बिहार के रहने वाले थे ज्यादातर यात्री
इस दर्दनाक बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले और घायल होने वाले अधिकांश यात्री बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। अब तक हुई पहचान के अनुसार, मृतकों में एक व्यक्ति की शिनाख्त बिहार निवासी 30 वर्षीय सचिन कुमार के रूप में हुई है, जबकि अन्य तीन मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा, गंभीर रूप से घायलों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। जिस ट्रेलर से टक्कर हुई, वह राजस्थान से टाइल्स भरकर बिहार की ओर जा रहा था। दुर्घटनास्थल पर बिखरा खून और बिखरे हुए टाइल्स के टुकड़े इस खौफनाक मंजर की गवाही दे रहे हैं।

