देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एसी ब्लास्ट (Delhi AC Blast) से हुए अग्निकांड पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। एसी ब्लास्ट में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के शाहदरा जिले में आग लगने की घटना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

दरअसल दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार (Delhi Vivek Vihar Fire Incident) में चार मंजिला बिल्डिंग में रविवार अल सुबह (लगभग 3 बजे) एसी में ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। दिल्ली एसी ब्लास्ट में जान गंवाने वाले लोगों में 4 पुरुष, 4 महिलाएं और एक 1.5 साल का बच्चा भी शामिल है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘आग बुझाने के अभियान के दौरान इमारत से करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग पर काबू पाने के लिए कुल 12 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जबकि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने बचाव और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयासों में मदद की।’

आप ने सरकार पर साधा निशाना

वहीं घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। आप नेता सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- राजधानी के लिए शर्म की बात!! दिल्ली के विवेक विहार में एक और आग लगने की घटना, इस आग में “नौ” लोग ज़िंदा जल गए। जबकि CM रेखा गुप्ता कई एडिट वाली रील बनाने में बिज़ी हैं, ऐसा लगता है कि उन्होंने दिल्ली में पहले हुई आग की घटनाओं से कुछ नहीं सीखा। सरकार की असंवेदनशीलता उनके शासन के हर पहलू में दिखाई देती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m