राजधानी दिल्ली के बाहरी इलाके पश्चिम विहार में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। रोहतक रोड स्थित मुल्तान नगर के पास सड़क पार कर रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों को तेज रफ्तार क्लस्टर बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 50 वर्षीय महिला समेत परिवार के चारों लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार शाम करीब 6 बजे हुई। पीड़ित परिवार पैदल सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रही क्लस्टर बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान 50 वर्षीय निर्मला देवी, 23 वर्षीय निशा और दो नाबालिग बच्चों के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया। वहीं, निशा और दोनों बच्चों को मेडिकल जांच के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया।
मौके से गिरफ्तार हुआ बस चालक
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया। दुर्घटना में शामिल क्लस्टर बस को भी जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। आरोपी चालक की पहचान 28 वर्षीय इरशाद अली के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

