दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जारी आंदोलन के बीच अब दिल्ली सरकार की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने पहली बार इस मुद्दे पर बयान देते हुए छात्रों के हितों की रक्षा और उनके भविष्य को सुरक्षित रखने की बात कही। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Moadi) के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य और उनके हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि हैं और उनकी चिंताओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जंतर-मंतर पर जारी CJP आंदोलन के बीच अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के हितों और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छात्रों के हितों की रक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

पेपर लीक पर क्या बोलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है। उन्होंने लिखा, “पेपर लीक के मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का यह निर्णय हर परिश्रमी छात्र के साथ न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने आगे कहा, “छात्रों के अधिकारों और उनके परिश्रम पर आघात करने वालों के विरुद्ध कानून पूरी कठोरता के साथ अपना कार्य करेगा।”

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली में 20 जून से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में छात्र NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन की शुरुआत जंतर-मंतर से हुई और समय के साथ इसमें देशभर से छात्र और युवा शामिल होने लगे। 20 जुलाई को निकाले गए संसद मार्च के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शन के दौरान हिंसा और झड़पों की घटनाएं सामने आईं, जिनमें कई छात्र और सुरक्षा बल के जवान घायल हुए। इसके बाद पुलिस कार्रवाई, लाठीचार्ज और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विवाद और गहरा गया। प्रदर्शनकारी लगातार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने की मांग कर रहे थे। उन्होंने आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई पर दिल्ली सरकार ने कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया।

पेपर लीक पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

NEET पेपर लीक मामले को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि पेपर लीक के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि ऐसे मामलों की त्वरित सुनवाई और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कठोर दंड मिल सके। प्रधानमंत्री के इस ऐलान के बाद ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और उनके भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m