दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पीजी इमारत गिरने से पांच छात्रों समेत 7 लोगों की मौत के बाद नगर निगम (MCD) ने खतरनाक इमारतों, अनधिकृत निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे से सबक लेते हुए निगम की टीमें लगातार बुलडोजर एक्शन कर रही हैं। MCD की कार्रवाई आने वाले दिनों में करोल बाग, चांदनी चौक समेत दिल्ली के करीब 10 इलाकों में भी जारी रहने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में खतरनाक इमारतों और नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सभी 12 जोन में MCD की कार्रवाई जारी
सत्य निकेतन में पीजी इमारत ढहने की घटना के कुछ दिन बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने गुरुवार को राजधानी के सभी 12 जोन में तोड़फोड़ और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखी। सत्य निकेतन हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी, जबकि कम से कम पांच लोग घायल हुए थे। एमसीडी की टीमें भवन नियमों का उल्लंघन करने वाली संरचनाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। लक्ष्मी नगर, जगतपुरी और पांडव नगर से सामने आए दृश्यों में भी निगम की टीमें अवैध और नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई करती नजर आईं।
करोल बाग और चांदनी चौक समेत कई इलाकों में एक्शन
पिछले दो-तीन दिनों में एमसीडी की टीम ने विश्वास नगर, मुखर्जी नगर, जामिया नगर, शाहीन बाग, तिलक नगर, करमपुरा, करोल बाग, रमेश नगर, मानसरोवर गार्डन, चांदनी चौक और नेहरू विहार में भी कार्रवाई की है। इन इलाकों में खतरनाक इमारतों, अनधिकृत निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ तोड़फोड़ और प्रवर्तन अभियान चलाया गया। निगम की ओर से इन क्षेत्रों में भी कार्रवाई आगे जारी रहने की उम्मीद है।
सत्य निकेतन में भी फिर शुरू हुआ बुलडोजर एक्शन
इस बीच, एमसीडी ने छह सितंबर को सत्य निकेतन में ढही पीजी इमारत से सटी इमारत को नियंत्रित तरीके से गिराने का काम भी फिर शुरू कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस इमारत को चरणबद्ध तरीके से गिराया जा रहा है, ताकि आसपास की संरचनाओं को नुकसान न पहुंचे। एमसीडी की यह कार्रवाई दिल्लीभर में अनधिकृत निर्माण, संपत्तियों के अवैध इस्तेमाल और संरचनात्मक रूप से असुरक्षित इमारतों के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है।
1252 पीजी इमारतों का किया गया सर्वेक्षण
सत्य निकेतन हादसे के बाद शुरू किए गए सुरक्षा आकलन अभियान के तहत एमसीडी ने 7 से 9 सितंबर के बीच दिल्ली में 1,252 पेइंग गेस्ट (पीजी) इमारतों का सर्वेक्षण किया। इस दौरान पीजी भवनों की सुरक्षा और नियमों के पालन का आकलन किया गया। आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, 1 जून से 9 सितंबर के बीच एमसीडी ने शहरभर में चलाए गए प्रवर्तन अभियान के तहत 1,053 तोड़फोड़ की कार्रवाई की हैं। इस दौरान 491 संपत्तियों को सील किया गया, जबकि 2,316 कारण बताओ नोटिस और 757 तोड़फोड़ नोटिस जारी किए गए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



