22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 (Commonwealth Table Tennis Championship)के आगाज से एक दिन पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने राजधानीवासियों से इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने लोगों से स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और मुकाबलों का लाइव रोमांच देखने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के लिए यह गर्व का अवसर है कि उसे कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में विभिन्न देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और दिल्लीवासियों की मौजूदगी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
27 जुलाई से दिल्ली में शुरू होगी 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप
दिल्ली 27 जुलाई से शुरू होने वाली 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। टूर्नामेंट के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का हिस्सा बनने और स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “27 जुलाई से दिल्ली 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी करेगी। सात दिनों तक त्यागराज स्टेडियम में 25 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ी विश्व-स्तरीय टेबल टेनिस, बेहतरीन कौशल और खेल उत्कृष्टता का प्रदर्शन करेंगे। दिल्लीवासियों को इस एक्शन को लाइव देखने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया जाता है, क्योंकि राजधानी कॉमनवेल्थ के प्रमुख खेल आयोजनों में से एक की मेजबानी कर रही है।”
14 जुलाई को CM रेखा गुप्ता ने किया था आधिकारिक मैस्कॉट ‘मयूर’ का अनावरण
इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत 14 जुलाई को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक मैस्कॉट (शुभंकर) ‘मयूर’ का अनावरण किया था। इस अवसर पर उन्होंने चैंपियनशिप के बहुप्रतीक्षित आधिकारिक ट्रेलर को भी लॉन्च किया। मैस्कॉट और ट्रेलर लॉन्च के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा था कि यह प्रतियोगिता दिल्ली के लिए वैश्विक खेल मंच पर अपनी मेजबानी क्षमता प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को एक मंच देगा, बल्कि युवाओं में टेबल टेनिस के प्रति रुचि बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सीएम ने बताया शुभंकर ‘मयूर’ का महत्व
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चैंपियनशिप के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ के प्रतीकात्मक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ‘मयूर’ भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है, जो ऊर्जा, उत्साह, जीवंतता और सकारात्मकता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शुभंकर के डिजाइन में मोर के पंखों पर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को आकर्षक ढंग से समाहित किया गया है। यह डिजाइन ‘वसुधैव कुटुंबकम’ यानी पूरी दुनिया एक परिवार है की भारतीय भावना के साथ-साथ खेलों में एकता, मित्रता और खेल भावना (स्पोर्ट्समैनशिप) के संदेश को भी प्रदर्शित करता है।
आयोजन में कई गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक मैस्कॉट और ट्रेलर लॉन्च समारोह में कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) और कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के पदाधिकारी, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी और खेल जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। समारोह में बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हुए और उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है और राजधानीवासियों को विश्वस्तरीय टेबल टेनिस मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली की पहचान को और मजबूत करेगा।
अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी का दिल्ली का शानदार रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी मिलना दिल्ली के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय राजधानी के आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे, उत्कृष्ट आयोजन क्षमता और वैश्विक खेलों के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली ने समय-समय पर बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी कर अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने कहा, “एशियन गेम्स से लेकर कॉमनवेल्थ गेम्स तक, दिल्ली ने विश्वस्तरीय खेल आयोजनों के आयोजन का शानदार रिकॉर्ड कायम किया है।”
रेखा गुप्ता ने विश्वास जताया कि 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाएगी और भारत तथा दिल्ली की खेल आयोजन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच प्रदान करते हैं, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और राजधानी को वैश्विक खेल केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


