नई दिल्ली/गुरुग्राम। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में गुरुग्राम के सेक्टर-46 निवासी एक ही परिवार के सात लोगों समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि सभी लोग उसकी चपेट में आ गए और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम निवासी विवेक अग्रवाल अपने परिवार के साथ दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती अपने पिता का हालचाल जानने आए थे। अस्पताल में पिता के उपचार के दौरान परिवार पास के एक होटल में ठहरा हुआ था। बुधवार सुबह अचानक होटल में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत

हादसे में जिन लोगों की मौत हुई, उनमें—

विवेक अग्रवाल
तर्जनी अग्रवाल (पत्नी)
प्रेमलता अग्रवाल (माता)
एंजल अग्रवाल (बड़ी बेटी)
पर्ल अग्रवाल (छोटी बेटी)
अशोक गोयल (मामा)
कमला (मौसी)

शामिल हैं। परिवार के सात सदस्यों की एक साथ मौत की खबर से गुरुग्राम में मातम पसर गया है।

चीख-पुकार के बीच मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। धुएं और आग की लपटों के कारण कई लोग कमरों में ही फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक कई लोगों की जान जा चुकी थी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के खत्म हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

यह हादसा एक बार फिर सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। दिल्ली के इस अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरे जख्म दे दिए हैं, जिनकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।