दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) के आधिकारिक सारथी ऐप की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। अब तक एक करोड़ से ज्यादा उपभोक्ता इस ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं। दिल्ली-NCR में ऐप के बढ़ते इस्तेमाल का अंदाजा इसके मासिक और साप्ताहिक उपयोग से लगाया जा सकता है। सारथी ऐप को एक महीने में करीब 20 लाख बार देखा जाता है, जबकि सप्ताह के कार्यदिवसों में यह आंकड़ा लगभग 8.2 लाख तक पहुंच जाता है। इससे पता चलता है कि बड़ी संख्या में यात्री मेट्रो से जुड़ी सुविधाओं के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं। सारथी ऐप अब यात्रियों के लिए केवल टिकट खरीदने का माध्यम नहीं रह गया है। धीरे-धीरे यह रोजमर्रा की मेट्रो यात्रा से जुड़ी कई जरूरतों को पूरा करने वाला डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है।
यात्रा की प्लानिंग से टिकटिंग तक सुविधा
DMRC के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के मुताबिक, ऐप का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से लेकर जरूरी जानकारी हासिल करने तक अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की जरूरत को कम करना है। अनुज दयाल ने बताया कि सारथी ऐप में टिकटिंग के साथ परिवहन और अन्य उपयोगी सेवाओं को भी एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ने की कोशिश की गई है। इससे यात्रियों को मेट्रो यात्रा से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हो सकेंगी। सारथी ऐप को इस तरह विकसित किया गया है कि यात्री अपनी यात्रा की योजना बनाने और मेट्रो से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल करने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकें। टिकट खरीदने की सुविधा के साथ परिवहन से जुड़ी अन्य सेवाओं को भी ऐप में शामिल किया गया है।
सारथी ऐप पर मेट्रो के साथ बस, रेल और नमो भारत की जानकारी
दिल्ली मेट्रो का सारथी ऐप अब सिर्फ मेट्रो टिकटिंग तक सीमित नहीं है। दिल्ली-एनसीआर के सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी कई सेवाओं को इस एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ा गया है। इससे अलग-अलग परिवहन साधनों से सफर करने वाले यात्रियों को जरूरी जानकारी और बुकिंग की सुविधाएं एक ही जगह मिल रही हैं। सारथी ऐप पर यात्री डीटीसी बसों से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा IRCTC के जरिए रेल टिकट बुकिंग, अंतरराज्यीय बस टिकट और NCRTC की नमो भारत सेवा से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। नोएडा मेट्रो (NMRC) की सेवाओं को भी ऐप से जोड़ा गया है। इससे ऐसे यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ गई है, जिन्हें अपनी यात्रा के दौरान मेट्रो के साथ बस, रेल या नमो भारत जैसी अलग-अलग परिवहन सेवाओं का इस्तेमाल करना पड़ता है।
रूट गाइडेंस से पार्किंग तक की जानकारी
सारथी ऐप पर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का नक्शा, पहली और आखिरी मेट्रो के समय, पार्किंग की जानकारी और विभिन्न स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं का विवरण भी मिलता है। यात्रियों को EV चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों की जानकारी भी ऐप के जरिए मिल सकती है। इसके अलावा ऐप में रूट गाइडेंस और वर्चुअल मेट्रो कार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
टिकटिंग से आगे बढ़ा सारथी ऐप, मोबाइल रिचार्ज से बिल भुगतान तक की सुविधा
दिल्ली मेट्रो का सारथी ऐप अब केवल टिकटिंग और परिवहन संबंधी जानकारी तक सीमित नहीं रह गया है। DMRC के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के मुताबिक, ऐप पर यात्रियों की रोजमर्रा की कुछ डिजिटल जरूरतों से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। दयाल ने बताया कि सारथी ऐप के जरिए मोबाइल रिचार्ज, दवाइयों का ऑर्डर, FASTag रिचार्ज और विभिन्न यूटिलिटी बिलों का भुगतान किया जा सकता है। इस तरह टिकटिंग, यात्रा से जुड़ी जानकारी और रोजमर्रा की डिजिटल सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है।
प्रदूषण के बीच सार्वजनिक परिवहन पर जोर
सर्दियों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण एक बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का अधिक इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों को टिकटिंग और यात्रा से जुड़ी जरूरतों के लिए सारथी ऐप का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

