एक्सप्रेसवे पर बढ़ते सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. अर्पित जैन ने नूंह से फिरोजपुर झिरका तक मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के मद्देनजर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के सख्त आदेश जारी किए हैं।
सोनू वर्मा, नूंह। जिले से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अर्पित जैन ने इस बेहद महत्वपूर्ण राजमार्ग मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। एसपी ने नूंह सदर थाना क्षेत्र की सीमा से लेकर फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के अंतिम छोर तक सड़क किनारे की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस विशेष निरीक्षण के दौरान उन्होंने लापरवाही से खड़े अवैध वाहनों पर नाराजगी जताई और मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों, रोड सेफ्टी एजेंसी के आला अधिकारियों तथा अन्य संबंधित विभागों के नुमाइंदों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

अवैध रूप से खड़े भारी वाहन और अस्थाई दुकानें बड़ी वजह
नूंह पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे नूंह जिले के ठीक बीचों-बीच से होकर गुजरता है। इस हाईटेक मार्ग से रोजाना भारी मालवाहक ट्रकों के अलावा कई वीआईपी और छोटे वाहन बेहद तेज गति से आवागमन करते हैं। पिछले कुछ समय से पुलिस प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई गैर-जिम्मेदार वाहन चालक एक्सप्रेसवे के किनारे अपने भारी वाहनों को अवैध रूप से पार्क कर देते हैं, जिससे पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहनों के टकराने की आशंका काफी बढ़ जाती है। इसके साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित पंचर की दुकानें, अस्थाई तौर पर खुले अवैध ढाबे और अन्य दुकानें भी हाईवे पर अव्यवस्थित पार्किंग का मुख्य कारण बन रही हैं, जिससे सुचारू यातायात में भारी बाधा उत्पन्न होती है।
शनिवार को हुए दो सड़क हादसों के बाद संभाली कमान
हालिया दिनों में इस मार्ग पर कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके कारण नूंह जिले के अंतर्गत आने वाला यह एक्सप्रेसवे का हिस्सा हादसों के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाने लगा है। इसी कड़ी में शनिवार को भी एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों की दर्दनाक सूचनाएं सामने आईं। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अर्पित जैन ने तत्काल प्रभाव से खुद कमान संभाली और पूरे रूट का सघन निरीक्षण करने निकल पड़े।
एसपी ने सख्त लहजे में दी हिदायत
हाईवे पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को देखकर उन्होंने मातहत अधिकारियों को तुरंत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें वहां से हटाने के आदेश दिए। एसपी ने सख्त लहजे में हिदायत दी कि एक्सप्रेसवे के मुख्य मार्ग या सर्विस लेन पर किसी भी सूरत में अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से चालान किए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाले जानलेवा हादसों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।

