Delhi Mumbai Expressway Truck : सोनू वर्मा, नूंह। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नो पार्किंग क्षेत्र में ट्रक-ट्रेलर खड़ा करना चालक को भारी पड़ गया। नूंह सदर थाना पुलिस ने लापरवाही से वाहन खड़ा कर दूसरे वाहन चालकों की जान खतरे में डालने के आरोप में चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने ट्रक-ट्रेलर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गश्त के दौरान मिला सड़क पर खड़ा ट्रक
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को जयसिंहपुर पुलिस चौकी की टीम गश्त और जांच के दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 40.800 के पास देवला-नंगली क्षेत्र में पहुंची। यहां राजस्थान नंबर का टाटा सिग्ना 22 टायरी ट्रक-ट्रेलर (RJ 52 GA 7789) नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ा मिला। चालक भी वाहन से नीचे सड़क पर मौजूद था।
चालक के खिलाफ दो धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने चालक से पूछताछ की तो उसकी पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के लुहारी कलां निवासी राकेश कुमार मीणा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर इस तरह वाहन खड़ा करने से तेज गति से गुजरने वाले दूसरे वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता था।
पुलिस ने ट्रक-ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 285 और 125 के तहत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में सदर नूंह थाने में एफआईआर नंबर 352, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 दर्ज की गई है।
पुलिस की वाहन चालकों से अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। सड़क पर लापरवाही से वाहन खड़ा करने से दूसरे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसलिए यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संभावित हादसे से बचने के लिए सावधानी बरतें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

