गुरुग्राम. दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद शुक्रवार को ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया गया। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने इसके तहत निर्माण कार्यों, वाहनों और स्कूलों को लेकर कई पाबंदियां लगाई हैं। दिल्ली में शुक्रवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 382 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका के बीच ये कदम उठाए गए हैं।
GRAP-3 के नए नियम दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा और सोनीपत में भी लागू होंगे। इसके तहत सरकारी और निजी संस्थानों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने के निर्देश हैं। स्कूलों में भी पढ़ाई के तरीके में बदलाव किया गया है।

BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों पर रोक
GRAP-3 के तहत दिल्ली-NCR में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालांकि, दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से अनुकूलित और उनके व्यक्तिगत इस्तेमाल में आने वाले वाहनों को छूट दी गई है।
आयोग ने लोगों से निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की है। सार्वजनिक परिवहन और कार पूलिंग को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। छोटी दूरी के लिए पैदल चलने या साइकिल का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
निर्माण और कई औद्योगिक कार्यों पर रोक
GRAP-3 के तहत धूल और प्रदूषण फैलाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के काम बंद रहेंगे। रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांट का संचालन भी बंद रहेगा।
इसके अलावा वेल्डिंग, गैस कटिंग, पेंटिंग, पॉलिशिंग और वार्निशिंग जैसे कामों पर रोक रहेगी। धूल पैदा करने वाली निर्माण सामग्री की लोडिंग और अनलोडिंग भी नहीं की जा सकेगी। हालांकि, घरों के अंदर मरम्मत और गड्ढों की मरम्मत के कामों को अनुमति दी गई है।
प्राइमरी तक के स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई
तीसरे चरण के तहत प्राइमरी तक के छात्रों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कक्षाएं चला सकते हैं। इनमें से कौन-सा विकल्प चुनना है, इसका फैसला छात्रों के अभिभावक कर सकेंगे।
दफ्तरों में 50% स्टाफ को वर्क फ्रॉम होम
सरकारी कार्यालयों और निजी संस्थानों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसका उद्देश्य सड़कों पर वाहनों की संख्या और उनसे होने वाले प्रदूषण को कम करना है।
आयोग ने लोगों से की ये अपील
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने नागरिकों से प्रदूषण कम करने में सहयोग करने की अपील की है। लोगों से निजी वाहनों का इस्तेमाल घटाने और सार्वजनिक परिवहन या कार पूलिंग अपनाने को कहा गया है।
आयोग ने घरों में कोयले और लकड़ी से हीटिंग करने से बचने की सलाह भी दी है। इसके अलावा खुले में कूड़ा या बायोमास जलाने से मना किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

