Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (3 जुलाई 2026) की खबरों में E20 पेट्रोल पर अरविंद केजरीवाल का केंद्र पर हमला; दिल्ली में बनेगा देश का पहला रेडिएशन-शील्डेड CBRN कमांड सेंटर; CM रेखा बोलीं- युवाओं के आइडिया बदलेंगे व्यवस्था; EV वाहन पर CM रेखा गुप्ता ने बताई पूरी योजना प्रमुख रहा।

1. E20 पेट्रोल पर अरविंद केजरीवाल का केंद्र पर हमला
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देशभर के लोगों पर जबरन इथेनॉल मिश्रित (Ethanol-blended) E20 पेट्रोल थोप रही है, जिससे वाहन चालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। केजरीवाल ने दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों का माइलेज कम हो रहा है और कई गाड़ियों में तकनीकी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस नीति के जरिए मोदी सरकार ने पूरे देश को एक “प्रयोगशाला” बना दिया है। AAP प्रमुख ने कहा कि वह इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखेंगे। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी सुझाव मांगे हैं, ताकि उन्हें पत्र में शामिल कर सरकार के समक्ष रखा जा सके।

2. दिल्ली में बनेगा देश का पहला रेडिएशन-शील्डेड CBRN कमांड सेंटर
राजधानी दिल्ली को परमाणु हमलों, जैविक हथियारों, रासायनिक रिसाव और अन्य महाविनाशकारी आपदाओं से सुरक्षित रखने के लिए दिल्ली फायर सर्विसेज ने एक महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है। इसके तहत कनॉट प्लेस स्थित मौजूदा फायर सर्विसेज मुख्यालय की जगह एक नया अत्याधुनिक मुख्यालय बनाया जाएगा, जिसमें देश का पहला रेडिएशन-शील्डेड रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (CBRN) कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा। परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और इसे अगले 5 वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नए मुख्यालय का भूमिगत हिस्सा विशेष रूप से इस कमांड सेंटर के लिए विकसित किया जाएगा.

3. CM रेखा बोलीं- युवाओं के आइडिया बदलेंगे व्यवस्था
दिल्ली सरकार ने राजधानी की शहरी और नागरिक समस्याओं के तकनीक आधारित समाधान खोजने के उद्देश्य से ‘दिल्ली नेक्स्ट–कोड, क्रिएट ऐंड चेंज’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने दिल्ली सचिवालय में इस महत्वाकांक्षी पहल की अध्यक्षता की। सरकार का दावा है कि यह देश का सबसे बड़ा सिविक-टेक इनोवेशन प्रोग्राम है। इसका उद्देश्य युवाओं, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं, शिक्षण संस्थानों और इनोवेटर्स को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि वे दिल्ली की वास्तविक नागरिक और शहरी चुनौतियों के लिए तकनीक आधारित समाधान विकसित कर सकें।

4. EV वाहन पर CM रेखा गुप्ता ने बताई पूरी योजना
दिल्ली की रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) सरकार ने राजधानी में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) पॉलिसी 2026 लागू कर दी है। यह नई नीति 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई है और 31 मार्च 2030 तक लागू रहेगी। सरकार का कहना है कि इस नीति का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना और राजधानी में स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार नई ईवी पॉलिसी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि इसके लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
पुलिस हिरासत में मौत पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्तः दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने पुलिस हिरासत में होने वाली अप्राकृतिक मौतों को लेकर अहम टिप्पणी करते हुए कहा है कि हिरासत में किसी भी व्यक्ति की अप्राकृतिक मृत्यु, चाहे वह आत्महत्या ही क्यों न हो, केवल निजी घटना नहीं मानी जा सकती। अदालत ने इसे राज्य और पुलिस की जिम्मेदारी से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला बताया है। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि पुलिस हिरासत में मौजूद व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य की जिम्मेदारी है। यदि हिरासत के दौरान किसी व्यक्ति की अप्राकृतिक मौत होती है, तो उससे जुड़े मामलों में राज्य अपनी जिम्मेदारी से अलग नहीं हो सकता। (पूरी खबर पढ़े)
दिल्ली के निजी स्कूलों के लिए सरकार का बड़ा आदेशः दिल्ली सरकार ने निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए नया निर्देश जारी करते हुए 15 जुलाई, 2026 तक प्रत्येक स्कूल में स्कूल स्तरीय शुल्क विनियमन समिति (School Level Fee Regulation Committee-SLFRC) का गठन अनिवार्य कर दिया है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद (Ashish Sood) ने कहा कि सभी संबंधित स्कूलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर इस प्रक्रिया को पूरा करना होगा। सरकार का यह फैसला दिल्ली स्कूल शिक्षा (शुल्क निर्धारण एवं विनियमन में पारदर्शिता) अधिनियम, 2025 लागू होने के बाद लिया गया है। (पूरी खबर पढ़े)
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

